अवॉर्ड पेपर के लिए प्रथम पुरस्कार मिलने पर डॉ. विशाल कुमार सिंह के साथ मंच पर मुख्य अतिथि, आयोजक और एनेस्थीसिया विभाग के सदस्य।
मेरठ। मेडिकल कॉलेज मेरठ के एनेस्थीसिया विभाग ने वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन ‘UPISACON 2026’ में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। विभाग के रेजिडेंट डॉ. विशाल कुमार सिंह ने अपने अवॉर्ड पेपर के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। कॉलेज प्रशासन ने इस सफलता पर विभाग और रेजिडेंट को बधाई दी है।
सम्मेलन का आयोजन वाराणसी स्थित आईएमएस, बीएचयू के केएन उडुपा ऑडिटोरियम में किया गया। मेडिकल कॉलेज मेरठ के एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार माणिक को सम्मेलन में चेयरपर्सन के रूप में आमंत्रित किया गया था। उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा में डॉ. विशाल कुमार सिंह ने सम्मेलन में अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया।
बच्चों में प्रीमेडिकेशन पर किया शोधपत्र प्रस्तुत
डॉ. विशाल कुमार सिंह ने “बच्चों में प्रीमेडिकेशन के रूप में इंट्रानेज़ल मिडाज़ोलम बनाम इंट्रानेज़ल डेक्समेडेटोमिडीन” विषय पर अवॉर्ड पेपर प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के लिए उन्हें प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से एनेस्थीसिया विभाग और मेडिकल कॉलेज मेरठ का नाम राज्य स्तरीय मंच पर गौरवान्वित हुआ।
डॉ. सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार माणिक के सतत मार्गदर्शन, शोध कार्य में मिले सहयोग और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि विभाग से मिले सहयोग ने शोधपत्र तैयार करने और उसे सम्मेलन में प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राचार्य ने विभाग की सफलता बताया संस्थान की उपलब्धि
मेडिकल कॉलेज मेरठ के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने एनेस्थीसिया विभाग की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विभाग को मिला यह पुरस्कार संस्थान की सफलता है। प्राचार्य ने डॉ. विशाल कुमार सिंह के परिश्रम और लगन की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्यों ने भी एनेस्थीसिया विभाग को पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। विभाग की इस उपलब्धि को चिकित्सकीय शिक्षा और शोध के क्षेत्र में संस्थान के प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।