एमडीए परिसर में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना नौवे दिन भी जारी रहा
मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) परिसर में लोहियानगर, वेदव्यासपुरी और गंगानगर आवासीय योजनाओं से प्रभावित किसानों का अनिश्चितकालीन धरना दसवें दिन भी जारी रहा। संयुक्त किसान संघर्ष समिति के बैनर तले धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि बढ़े हुए प्रतिकर के बदले जिन किसानों को विकसित भूखंड या भुगतान मिलना चाहिए था, उनमें से कई अब भी अपने हक का इंतजार कर रहे हैं। किसानों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
किसानों की ओर से संपादक को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मेरठ विकास प्राधिकरण और तीनों योजनाओं के किसानों के बीच हुए समझौते का पूरी तरह पालन नहीं हुआ है। समिति ने शताब्दीनगर आवासीय योजना की तर्ज पर समानता के आधार पर समस्या का समाधान करने की मांग की है। किसानों के अनुसार, जिलाधिकारी मेरठ की अध्यक्षता में गठित समिति की 22 मई 2015 की रिपोर्ट के निर्देशों के बाद 1 जुलाई 2015 को तत्कालीन एमडीए सचिव की अध्यक्षता में किसानों के साथ वार्ता हुई थी। समिति का दावा है कि उस वार्ता में धनराशि और विकसित भूखंड देने को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन सभी प्रभावित किसानों को अब तक इसका लाभ नहीं मिला।
पत्र में 28 सितंबर 2016 को हुई एमडीए की 107वीं बोर्ड बैठक का भी उल्लेख किया गया है। समिति के मुताबिक, बैठक में गंगानगर, गंगानगर विस्तार, डॉ. राममनोहर लोहिया नगर और वेदव्यासपुरी योजनाओं के किसानों को शताब्दीनगर की तर्ज पर अतिरिक्त प्रतिकर देने संबंधी प्रस्ताव पर सहमति बनी थी और किसानों से समझौता फॉर्म भरवाए गए थे। किसानों का कहना है कि बाद की बैठकों और वार्ताओं के बाद कुछ छोटे किसानों को कुल 2 करोड़ 81 लाख 68 हजार रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन बड़े किसानों और कुछ छोटे किसानों को अभी तक विकसित भूखंड या भुगतान नहीं मिला है।
संयुक्त किसान संघर्ष समिति ने पत्र में यह भी कहा है कि 108वीं बोर्ड बैठक में प्रस्ताव का क्रियान्वयन स्थगित कर दिया गया था, लेकिन संबंधित शासनादेश वापस नहीं लिया गया है। समिति का तर्क है कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति की संस्तुतियों और 107वीं बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय का पालन किया जाना चाहिए। पत्र में 26 मई 2005 के एक शासन पत्र का हवाला देते हुए कहा गया है कि अतिरिक्त प्रतिकर भुगतान के संबंध में निर्णय लेने के लिए प्राधिकरण का बोर्ड सक्षम है।
किसानों के अनुसार, समझौते की शर्तों में उन किसानों को शामिल नहीं किया गया था जो न्यायालय की शरण में गए हों या जिन्होंने अपनी भूमि पर कब्जा न दिया हो। समिति का कहना है कि बाकी किसान समझौते की शर्तों पर सहमत हैं, इसलिए उनका भुगतान या भूखंड देने में देरी उचित नहीं है। किसानों ने एमडीए से लंबित मामलों का निस्तारण कर प्रभावित परिवारों को उनका बकाया लाभ देने की मांग की है।
धरने पर बैठे किसानों ने बताया कि आंदोलन के दौरान उन्होंने धनतेरस, छोटी दिवाली, बड़ी दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज जैसे त्योहार एमडीए परिसर में ही बिताए। किसानों, महिलाओं और बच्चों के लिए त्योहारों पर घर से दूर धरने में रहना कठिन रहा। आंदोलनकारियों का कहना है कि त्योहार न मना पाने की पीड़ा परिवारों के चेहरों पर दिखाई दे रही है।
धरना स्थल पर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। किसानों के अनुसार, एमडीए के अधिकारी भी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से धरने की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। समिति ने “प्रतिकर नहीं, तो वोट नहीं” का नारा देते हुए कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा। किसानों की मांगों और आंदोलन पर एमडीए की ओर से कोई पक्ष उपलब्ध नहीं कराया गया है।