मेरठ में बाबा साहेब के 70 प्रतिमा स्थलों का कायाकल्प
संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया डॉ. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना का शुभारंभ, ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने नई बस्ती लल्लापुरा में शुरू कराया सौंदर्यीकरण कार्य
मेरठ। ANN
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, संघर्षों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने डॉ. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना की शुरुआत की है। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से इस योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेशभर में बाबा साहेब एवं अन्य महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों का विकास, संरक्षण और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
मेरठ जनपद के सातों विधानसभा क्षेत्रों में योजना के अंतर्गत कुल 70 प्रतिमा स्थलों पर विकास कार्यों की शुरुआत की गई। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 प्रतिमा स्थलों का चयन किया गया है। संविधान दिवस के अवसर पर सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन भी किया गया।
मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के नई बस्ती लल्लापुरा स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और उनका संबोधन सुना।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब के सामाजिक समरसता, समानता, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय से जुड़े विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मेरठ शहर विधानसभा क्षेत्र के भगवतपुरा स्थित आंबेडकर धर्मशाला में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज, महापौर हरिकांत अहलूवालिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र के कंकरखेड़ा स्थित वार्ड संख्या पांच में विधायक अमित अग्रवाल ने प्रतिमा स्थल के विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
सरधना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भोरोटा में पूर्व विधायक संगीत सोम तथा सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डूंगर में विधायक गुलाम मोहम्मद ने प्रतिमा स्थलों के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं पूजन किया। अन्य चयनित स्थलों पर भी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
योजना के क्रियान्वयन के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, मेरठ को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। चयनित स्थलों पर समाज सुधारकों, महापुरुषों, सामाजिक न्याय के प्रणेता एवं सांस्कृतिक विभूतियों की प्रतिमाओं का संरक्षण, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
योजना का उद्देश्य महापुरुषों के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्षों, विचारों और आदर्शों से परिचित कराना है।
नई बस्ती लल्लापुरा में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष मुरारी लाल निर्मेश, मंडल अध्यक्ष वरुण राजपूत, नामित पार्षद कमल, पार्षद नरेश कश्यप, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष प्रजापति, मनोज भारती, डॉ. उमेश, सुशील, आशाराम, मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार, पीयूष भारती, हरीश ठेकेदार, मोनू कुमार, हिमांशु और अनिल सरायवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।