मेरठ में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान, 21 नवंबर को विशेष अभियान
चुनाव आयोग ने पांच राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को भेजे निर्देश; चुनावी अधिकारियों को बैठकों या वीडियो कॉन्फ्रेंस के लिए बुलाने पर भी रोक
मेरठ #ANN
भारत निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) की अवधि में राजनीतिक निष्पक्षता और सरकारी पद के दुरुपयोग को रोकने के लिए निर्देश जारी किए हैं। आयोग के 9 नवंबर 2026 के पत्र के अनुसार, सरकारी कर्मचारियों पर लागू राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी पाबंदियां और निषेध उन व्यक्तियों पर भी लागू होंगे, जिन्हें राज्य या केंद्रशासित प्रदेश सरकारें विभिन्न भूमिकाओं में नियुक्त, संबद्ध, नियोजित या पुनर्नियोजित करती हैं। इस दायरे में सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने यह पत्र गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्य सचिवों तथा इन राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को भेजा है। पत्र में आयोग ने पूर्व में जारी निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे किसी भी चुनावी प्रचार या canvassing में हिस्सा न लें और अपने नाम, पद या अधिकार का इस्तेमाल किसी व्यक्ति, राजनीतिक दल या समूह के पक्ष में न होने दें।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता के प्रावधान उन संगठनों, समितियों, निगमों और आयोगों पर भी लागू होते हैं जिन्हें सरकार से पूरी या आंशिक वित्तीय सहायता मिलती है। इन संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारियों को भी आचार संहिता के अनुरूप राजनीतिक निष्पक्षता बनाए रखनी होगी। राज्यों के संबंधित सेवा आचरण नियम भी सरकारी सेवकों को राजनीतिक गतिविधियों और चुनावों में भाग लेने से रोकते हैं।
पत्र के अनुसार, कुछ व्यक्तियों—जिनमें सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी, अफसर और कर्मचारी भी शामिल हैं—को राज्य या केंद्रशासित प्रदेश सरकारें विभिन्न क्षमताओं में नियुक्त या पुनर्नियुक्त करती हैं। आयोग ने कहा कि इस श्रेणी के लोगों के राजनीतिक आचरण और निष्पक्षता को लेकर अलग से स्पष्ट नियम या दिशानिर्देश न होने की स्थिति में, एमसीसी की अवधि के दौरान उन पर भी सरकारी सेवकों जैसी पाबंदियां लागू होंगी।
निर्देशों में चुनाव से जुड़े अधिकारियों के संपर्क और बैठकों को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था की गई है। ऐसे व्यक्ति उस निर्वाचन क्षेत्र या जिले के किसी चुनाव संबंधी अधिकारी को किसी आधिकारिक चर्चा या बैठक के लिए नहीं बुला सकेंगे, जहां चुनाव घोषित हो चुके हों। वे ऐसे अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस या बैठक भी नहीं कर सकेंगे।
आयोग ने निर्देशों के किसी भी उल्लंघन को गंभीरता से लेने की बात कही है। साथ ही संबंधित राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों से कहा गया है कि इन निर्देशों की जानकारी सभी संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं तक पहुंचाई जाए तथा उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। पत्र में आयोग ने प्राप्ति की पुष्टि करने का अनुरोध भी किया है।