पीवीवीएनएल में संविधान दिवस पर अधिकारियों ने ली सामूहिक शपथ
प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति निष्ठा का लिया संकल्प
मेरठ। ANN
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के कार्यालय में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) की अध्यक्षता में संविधान दिवस समारोह एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन, निदेशक तकनीकी एनके मिश्रा तथा निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। सभी ने संविधान में निहित मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ ग्रहण की।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता एवं अवसर की समानता सुनिश्चित करने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। संविधान में निहित मूलभूत सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्षता, समानता, पारदर्शिता एवं जनसेवा के मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने तथा पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता मोहम्मद सगीर, मुख्य अभियंता तकनीकी राजकुमार, मुख्य अभियंता गुलाब सिंह, कंपनी सचिव जीतेश ग्रोवर, अधिशासी अभियंता एवं स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।