नव गठित कार्यकारणी को नियुक्ति पत्र सौंपते भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष चतर सिंह जाटव
मेरठ। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के विस्तार और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला अध्यक्ष चतर सिंह जाटव के नेतृत्व में जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस अवसर पर संगठन के सक्रिय एवं संघर्षशील कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें संगठन में नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। जिला अध्यक्ष चतर सिंह जाटव ने कई कार्यकर्ताओं को जिला कार्यकारिणी में शामिल करते हुए नई जिम्मेदारियां प्रदान कीं। आदेश गूगल, जयपाल सिंह, लोमन सिंह वर्मा तथा रवि कुमार (सराय काजी) को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नियुक्ति पत्र मिलने पर सभी पदाधिकारियों ने संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने और समाज के हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई लोगों ने भी भीम आर्मी भारत एकता मिशन की सदस्यता ग्रहण की। किनापुर निवासी वेदपाल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर संगठन की सदस्यता ली, जबकि मेहताब और फहीम माहेगिरी ने समाजवादी पार्टी छोड़कर अपने समर्थकों के साथ भीम आर्मी भारत एकता मिशन में शामिल होने की घोषणा की। इसके अलावा अन्य दलों से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने भी संगठन की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की।
जिला अध्यक्ष चतर सिंह जाटव ने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन लगातार समाज के गरीब, कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज को बुलंद करने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से लड़ रहा है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भीम आर्मी हमेशा अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष करती रही है तथा समाज के पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन और अधिकारियों तक उनकी आवाज पहुंचाने का कार्य करती है। संगठन सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर सक्रिय है।
कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, आगामी रणनीतियों और सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने संगठन को गांव-गांव और वार्ड स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विकास हरित, अमित वीर, आकाश निम्मी, प्रशांत बौद्ध, बंटी गंगानगर, आदिल सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नव नियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।