मेरठ कॉलेज के आठ विद्यार्थियों का ईजमाईट्रिप कंपनी में चयन
दो चरणों के ऑनलाइन इंटरव्यू में छह छात्राओं और दो छात्रों ने हासिल की सफलता, शिक्षकों ने दी बधाई
मेरठ। ANN मेरठ कॉलेज के वाणिज्य संकाय के आठ विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर बड़ी सफलता हासिल की है। ऑनलाइन फ्लाइट बुकिंग क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी ईजमाईट्रिप (EaseMyTrip) में कॉलेज के आठ विद्यार्थियों का चयन होने से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है। कंपनी द्वारा आयोजित दो चरणों की ऑनलाइन साक्षात्कार प्रक्रिया में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में छह छात्राएं और दो छात्र शामिल हैं।
ईजमाईट्रिप कंपनी में चयनित विद्यार्थियों में आसिफ, आतिफ, रिया शर्मा, श्रुति, तनीषा तोमर, सोनिका चौहान, गीतिका और अभय शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन साक्षात्कार के दोनों चरणों में अपनी योग्यता, आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कंपनी में नौकरी हासिल करने में सफलता प्राप्त की।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता कॉलेज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, अनुशासन, समर्पण और लगन के साथ कार्य करें तथा भविष्य में भी अपनी उपलब्धियों से मेरठ कॉलेज का नाम रोशन करते रहें।
वाणिज्य संकाय के विभागाध्यक्ष दीपक वर्मा ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नीरज कुमार का आभार जताया।
इस अवसर पर प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने कहा कि मेरठ कॉलेज के विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित कंपनी में चयन होना पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन तथा कॉलेज में रोजगारपरक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेंट से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिलता है। शैक्षणिक शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर प्राप्त होना विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने व्यावसायिक जीवन में निरंतर प्रगति करेंगे और कॉलेज की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
मेरठ कॉलेज के विद्यार्थियों की इस सफलता से अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी। यह उपलब्धि दर्शाती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर भी हासिल कर सकते हैं।
इस अवसर पर प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज, स्वाति पवार, मेघा शर्मा, डॉ. पंकज कुमार भारती एवं विनय आर्य उपस्थित रहे। सभी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।