पीएल शर्मा रोड व्यापार संघ के चुनाव की घोषणा हुई
मेरठ। ANN पीएल शर्मा रोड व्यापार संघ के चुनाव की घोषणा कर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सरबजीत सिंह कपूर को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर चुनाव प्रक्रिया के संबंध में विचार-विमर्श किया।
चुनाव अधिकारी के साथ हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि व्यापार संघ की सदस्यता ग्रहण करने के इच्छुक व्यापारी सात दिसंबर 2026 तक नए सदस्य बन सकेंगे। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी नए सदस्य का सदस्यता आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
व्यापार संघ के चुनाव में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, संगठन मंत्री और प्रेस प्रवक्ता के एक-एक पद, उपाध्यक्ष के दो पद तथा मंत्री के आठ पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इस प्रकार कुल 16 पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी।
इस अवसर पर पीएल शर्मा रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, महामंत्री रमनीत सिंह और कोषाध्यक्ष नवीन कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने चुनाव अधिकारी के साथ सदस्यता एवं आगामी चुनाव प्रक्रिया को लेकर चर्चा की।