पुलिस गिरफ्त गांजा तस्कर
मेरठ। जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना परीक्षितगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 805 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर देहात के निकट पर्यवेक्षण में थाना परीक्षितगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सेतू पुत्र वीरेंद्र निवासी ग्राम तिसोतरा थाना नांगल जनपद बिजनौर तथा राज पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम डेरियो थाना खानपुर जनपद हरिद्वार, उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में उनके कब्जे से कुल 805 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर थाना परीक्षितगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 224/2026, धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।