मेरठ में खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण शुरू, स्वरोजगार के खुलेंगे अवसर
मेरठ। ANN मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्रामीण स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा युवाओं और महिलाओं को खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद मेरठ के विकासखंड सरूरपुर की ग्राम पंचायत सरूरपुर खुर्द में दो दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र, मोदीपुरम मेरठ की ओर से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 से 24 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में 30 लाभार्थियों ने प्रतिभाग कर खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित विभिन्न उद्योगों और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरेंद्र कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने आए लाभार्थियों को लेखन सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र मोदीपुरम की प्रभारी श्रीमती प्रेमलता ने मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्रामीण स्वरोजगार योजना के उद्देश्यों और इसके अंतर्गत संचालित विभिन्न उद्योगों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद लाभार्थी अपना उद्योग स्थापित कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम एक लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध फल, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण करके विभिन्न खाद्य पदार्थ तैयार किए जा सकते हैं। इन उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर छोटे उद्योग स्थापित कर स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ एवं सेवानिवृत्त प्रभारी पवन कुमार सिरोही ने फल एवं सब्जियों से तैयार किए जाने वाले विभिन्न खाद्य उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने अचार, जैम, जैली, स्क्वैश तथा मसाला प्रसंस्करण सहित अन्य खाद्य उत्पादों के निर्माण और उनसे संबंधित उद्योगों की संभावनाओं के बारे में प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया।
विषय विशेषज्ञ शिवांजलि सिंह ने बेकरी उद्योग स्थापित करने के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने बेकरी उत्पादों के निर्माण और इस क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं के साथ विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में मेरठ के डीआरपी दीपांशु ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को योजना के अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उपलब्ध सहायता और विभागीय सुविधाओं से अवगत कराया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की जा रही है, ताकि वे प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपनी रुचि और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल 30 लाभार्थियों को विभिन्न खाद्य उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण तथा उद्योग स्थापित करने से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए लघु खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण परिवारों के लिए आय के नए अवसर विकसित करना है।