कुलाधिपति के आगमन से पहले शोधार्थियों ने खुद उठाई झाड़ू
मेरठ। ANN चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के डॉ. बी.आर. अम्बेडकर छात्रावास में मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट शोधार्थियों ने स्वयं हाथों में झाड़ू उठाकर स्वच्छता अभियान चलाया। शोधार्थियों ने छात्रावास परिसर के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल उठाए।
आगामी 28 नवंबर 2026 को विश्वविद्यालय में कुलाधिपति का आगमन प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर शोधार्थियों ने विश्वविद्यालय एवं छात्रावास की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से स्वयं सफाई करने की पहल की। शोधार्थियों का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण उन्हें विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
शोधार्थियों के अनुसार, सफाई व्यवस्था को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों एवं वार्डन से शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अधिकारियों की ओर से सफाई कराने का आश्वासन दिया जाता रहा, जबकि धरातल पर स्थिति में संतोषजनक बदलाव नहीं दिखाई दिया।
शोधार्थियों ने कहा कि छात्रावास की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद शोधार्थियों को स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा और शोध का केंद्र नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा भी है। ऐसे में शोधार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन का प्राथमिक दायित्व होना चाहिए।
स्वच्छता अभियान के दौरान शोधार्थियों ने संदेश दिया कि साफ-सफाई केवल गांधी जयंती, विशेष आयोजनों अथवा विशिष्ट अतिथियों के आगमन तक सीमित नहीं होनी चाहिए। स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। सफाई अभियान की वास्तविक सफलता इस बात में है कि वर्षभर परिसर कितना स्वच्छ रहता है।
शोधार्थियों ने नैक ए प्लस प्लस (NAAC A++) ग्रेड प्राप्त चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्रावास में नियमित सफाई जैसी बुनियादी सुविधा की कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और शोध गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
शोधार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रावास में प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण सफाई कराने, सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, उनके कार्यों की प्रभावी निगरानी करने तथा गलियारों, शौचालयों और सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई कराने की मांग की। साथ ही सफाई संबंधी शिकायतों पर आश्वासन देने के बजाय समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग उठाई।
शोधार्थियों ने स्पष्ट किया कि उनका अभियान किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा एवं गरिमा बनाए रखने के लिए वे सदैव तत्पर हैं, लेकिन प्रशासन को भी अपनी जिम्मेदारियों का नियमित रूप से निर्वहन करना चाहिए।
शोधार्थियों ने सवाल उठाया कि आखिर जिन कार्यों के लिए कर्मचारी नियुक्त हैं, उन्हें पूरा करने के लिए शोधार्थियों को स्वयं आगे क्यों आना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी कुलाधिपति, अधिकारी या अतिथि के स्वागत की तैयारी नहीं, बल्कि प्रतिदिन निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।
इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन का पक्ष उपलब्ध नहीं है।