गढ़ गंगा मेला सकुशल संपन्न, डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को सराहा
हापुड़। ANN मेरठ परिक्षेत्र के अंतर्गत जनपद हापुड़ में आयोजित ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेला शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न होने पर मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित समस्त पुलिसकर्मियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। उन्होंने विशाल आयोजन में सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शाबाशी दी।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि दीपावली के बाद गढ़ गंगा मेले में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ का सफलतापूर्वक प्रबंधन किया गया। इस बार उन्होंने स्वयं पांच से अधिक बार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गत वर्ष की अपेक्षा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए दिए गए निर्देशों का जनपदीय पुलिस द्वारा कुशलतापूर्वक अनुपालन किया गया।
डीआईजी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों, मीडिया बंधुओं, समाज के संभ्रांत व्यक्तियों, मेला समिति के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और टीम भावना के चलते इतना विशाल धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
मेले के दौरान सिविल पुलिस, सशस्त्र पुलिस, पीएसी, एलआईयू, मेला सेल, होमगार्ड, प्रांतीय रक्षक दल, ग्राम प्रहरी, घुड़सवार पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एटीएस, जल पुलिस, अग्निशमन विभाग, यातायात पुलिस, वायरलेस विभाग एवं बाढ़ राहत कंपनी सहित विभिन्न इकाइयों ने कंधे से कंधा मिलाकर उत्कृष्ट समन्वय का परिचय दिया।

डीआईजी ने हापुड़ के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, समर्पण एवं बेहतर कार्ययोजना के परिणामस्वरूप सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं सहित श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का सुचारु संचालन संभव हो सका।
इस वर्ष गढ़ गंगा एवं तिगरी मेले को जोड़ने के लिए पहली बार बनाए गए पीपा पुल का अमरोहा पुलिस के सहयोग से सफल संचालन किया गया। श्रद्धालुओं ने इस पुल का भरपूर उपयोग करते हुए दोनों ओर आयोजित मेलों का आनंद लिया।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इंटरनेट आधारित आईपी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों का व्यापक इस्तेमाल किया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत नावों पर लाइफ जैकेट की उपलब्धता अनिवार्य की गई। मेला क्षेत्र में सामने आई समस्याओं का कम समय में समाधान किया गया।
रात्रि के समय पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सतर्क रखा गया तथा वरिष्ठ अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। सोशल मीडिया की निगरानी के लिए आधुनिक सॉफ्टवेयर का प्रयोग किया गया, जिससे अफवाहों और अराजकता की रोकथाम सुनिश्चित की जा सकी।
मेले के दौरान मेरठ रेंज पुलिस का मुरादाबाद रेंज, गाजियाबाद, दिल्ली एवं नोएडा यातायात पुलिस के साथ भी बेहतर समन्वय रहा। इसके चलते श्रद्धालुओं के आवागमन एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिली।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेले के सफल आयोजन को पुलिस, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की।