गन्ना उठाते हुए किसान
लखनऊ। 25 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश में वर्तमान पेराई सत्र के दौरान कुल 96 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई का कार्य प्रारंभ कर दिया है। इनमें निगम क्षेत्र की एक, सहकारी क्षेत्र की 17 और निजी क्षेत्र की 78 चीनी मिलें शामिल हैं। इन चीनी मिलों द्वारा अब तक 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई कर 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं चीनी उद्योग और गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के मार्गदर्शन में गन्ना विकास विभाग किसानों के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए निरंतर कार्य कर रहा है।
गन्ना एवं चीनी आयुक्त ने बताया कि वर्तमान पेराई सत्र में अब तक कुल देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के सापेक्ष चीनी मिलों द्वारा शत-प्रतिशत से भी अधिक का भुगतान किया जा चुका है। भुगतान की धनराशि सीधे गन्ना किसानों के बैंक खातों में अंतरित की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार गन्ना किसानों की आर्थिक समृद्धि, सम्मान और उनकी उपज का उचित एवं समय पर मूल्य दिलाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसके लिए सभी चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गन्ना मूल्य भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय स्तर पर भुगतान की नियमित निगरानी भी की जा रही है।
पेराई सत्र की शुरुआत से ही त्वरित भुगतान होने से किसानों को आर्थिक राहत मिल रही है। समय पर गन्ना मूल्य मिलने से किसानों को खाद, बीज, कृषि संसाधनों की खरीद और आगामी फसलों की तैयारियों में सहायता मिलेगी।
विभाग के अनुसार, गन्ना मूल्य के त्वरित भुगतान से प्रदेश के लाखों किसानों में उत्साह का माहौल है। प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ चीनी उद्योग के विकास और गन्ना आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।