जीआईएमएस में चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभागों को मिली मंजूरी
लखनऊ, 25 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस), ग्रेटर नोएडा की 11वीं शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सा शिक्षा, सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं, अनुसंधान, नवाचार एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
शासी निकाय द्वारा संस्थान की दस वर्षीय विजन योजना को स्वीकृति प्रदान की गई। इस योजना को तीन चरणों में विभाजित किया गया है। प्रथम चरण में वर्ष 2028 तक की तात्कालिक विकास कार्ययोजना, द्वितीय चरण में वर्ष 2031 तक की पंचवर्षीय रणनीतिक योजना तथा तृतीय चरण में वर्ष 2035 तक की दीर्घकालिक कार्ययोजना शामिल है। इसके अंतर्गत चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, शैक्षणिक क्षमता में वृद्धि, शोध एवं नवाचार, राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार तथा आधुनिक चिकित्सा अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में जीआईएमएस में पहले से स्वीकृत आठ सुपर स्पेशियलिटी विभागों के अतिरिक्त चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को क्षेत्र में ही अत्याधुनिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अस्पताल के बेसमेंट के सुदृढ़ीकरण एवं विकास सहित मेडिकल कॉलेज परियोजना से संबंधित आवश्यक प्रस्तावों को भी अनुमोदित किया गया।

आंखों की गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्थान में कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही वयस्क हीमोफीलिया मरीजों के लिए व्यापक हीमोफीलिया उपचार केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। इन केंद्रों की स्थापना से मरीजों की दूरस्थ चिकित्सा संस्थानों पर निर्भरता कम होगी।
संस्थान की शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षमता को मजबूत करने के लिए हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, बायोस्टैटिस्टिक्स एवं हेल्थ इंफॉर्मेटिक्स, डिजिटल हेल्थ एवं टेलीमेडिसिन तथा आईआरएफ जैसे नए शैक्षणिक विभागों की स्थापना के प्रस्ताव विचारार्थ प्रस्तुत किए गए।
सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन में नवाचार, उद्यमिता एवं स्टार्टअप गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय नवाचार एवं स्टार्टअप नीति-2019 को अंगीकृत करने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। इससे चिकित्सा क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों, अनुसंधान आधारित समाधानों और स्टार्टअप गतिविधियों को संस्थागत प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा वी. हेकाली झिमोमी ने संस्थान में एमबीबीएस की सीटें बढ़ाकर 250 तथा बीएससी नर्सिंग की सीटें 100 किए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने नर्स प्रैक्टिशनर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की दिशा में भी आवश्यक कार्यवाही करने पर जोर दिया।
जीआईएमएस के निदेशक डॉ. (ब्रिगेडियर) राकेश के. गुप्ता ने संस्थान की चिकित्सा शिक्षा, रोगी उपचार, अनुसंधान, डिजिटल हेल्थ सेवाओं तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी दस वर्षों में संस्थान को देश के अग्रणी तृतीयक एवं चतुर्थक चिकित्सा संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करने की विस्तृत विकास कार्ययोजना प्रस्तुत की।
मुख्य सचिव ने जीआईएमएस को एनएबीएच एवं एनएबीएल से प्राप्त राष्ट्रीय प्रत्यायन की सराहना की। उन्होंने प्रदेश के अन्य सरकारी चिकित्सा संस्थानों एवं मेडिकल कॉलेजों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप दोनों राष्ट्रीय प्रत्यायन प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित एवं निर्देशित करने को कहा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में लिए गए निर्णयों का प्रमुख उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा देना तथा जीआईएमएस को क्षेत्र के प्रमुख रेफरल चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करना है।
बैठक में विशेष सचिव वित्त अलका वर्मा, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नूपुर गोयल, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा, पीजीआईसीएच नोएडा के निदेशक डॉ. ए.के. सिंह, पूर्व मंत्री एवं समाजसेवी बालेश्वर त्यागी, वित्त नियंत्रक सत्येन्द्र सागर तथा डीन एकेडमिक्स डॉ. रम्भा पाठक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।