श्री अमरनाथ सेवा समिति द्वारा आयोजित शोभायात्रा की झांकी
मेरठ। श्री अमरनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को भगवान बाबा बर्फानी (अमरनाथ) की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे मार्ग पर “हर-हर महादेव” तथा “बम-बम भोले” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर दस डोलों के साथ निकाली गई शोभायात्रा श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम बन गई।
शोभायात्रा की सबसे बड़ी आकर्षण का केंद्र लगभग दस फीट ऊंची बाबा अमरनाथ बर्फानी की भव्य झांकी रही, जिसके दर्शन के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान शिव का स्वागत किया और जगह-जगह शोभायात्रा का अभिनंदन किया गया।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा का शुभारंभ श्री अमरनाथ सेवा समिति के दिल्ली रोड स्थित कार्यालय से हुआ। इसके बाद यात्रा जीपी-10 मंगलपुरम, दिल्ली रोड, टीपी नगर चौराहा, दिल्ली चुंगी, मेट्रो प्लाजा, रेलवे रोड चौराहा, घंटाघर, बुढ़ाना गेट, हनुमान मंदिर, बच्चा पार्क, बेगमपुल, लालकुर्ती, पैठ बाजार, आबूलेन, सदर बाजार, सर्राफा बाजार और बॉम्बे बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई ऐतिहासिक श्री औघड़नाथ मंदिर पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन हुआ।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने शिव भक्ति के गीतों पर नृत्य किया और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जलपान तथा स्वागत शिविर भी लगाए गए। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।
गणमान्य लोगों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रामकुमार गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, अमरीश वर्मा, अशोक कुमार गुप्ता, आनंद प्रकाश गुप्ता, निशांत शर्मा, सिद्धम जैन, संजय रस्तोगी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बाबा बर्फानी की आरती कर यात्रा की सफलता की कामना की।
इस अवसर पर श्री अमरनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष महेश मित्तल, महामंत्री विशाल गर्ग, कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा, अम्बुज विश्नोई, विकास गर्ग, पंडित रजत शर्मा, हिमांशु सिद्धार्थ, निरंजन सिंह, मुनीष भिंडल, अरुण सिंगल, राजन सिंगल, अरुण वर्मा, प्रेम कुमार सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
शेषनाग के लिए रवाना हुआ राहत सामग्री का पहला जत्था
शोभायात्रा के समापन के बाद समिति द्वारा अमरनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए राहत एवं खाद्य सामग्री से भरे पांच ट्रकों को जम्मू-कश्मीर स्थित शेषनाग पड़ाव के लिए रवाना किया गया। यह समिति के 30वें विशाल भंडारे की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन दशकों से लगातार अमरनाथ यात्रियों की सेवा की जा रही है। इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चाय, नाश्ता, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है।
30 वर्षों से जारी है सेवा का संकल्प
श्री अमरनाथ सेवा समिति द्वारा आयोजित यह भंडारा अमरनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सेवा केंद्र के रूप में जाना जाता है। समिति के अनुसार इस वर्ष भी यात्रा अवधि के दौरान हजारों श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा बर्फानी की कृपा से सेवा का यह कार्य लगातार 30 वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सेवा का यह संकल्प जारी रहेगा। शोभायात्रा के सफल आयोजन और भंडारे के लिए रवाना हुए पहले जत्थे को श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ विदाई दी।