मनीषा अहलावत ने सुनीं महिलाओं की समस्याएं
सर्किट हाउस में जनसुनवाई के दौरान आठ प्रकरण प्राप्त, महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मेरठ। ANN
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत ने गुरुवार को मेरठ के सर्किट हाउस में महिलाओं से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की। इस दौरान विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल आठ प्रकरण प्राप्त हुए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रार्थना पत्रों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान मनीषा अहलावत ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याओं को खुलकर आयोग के समक्ष रखें।
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला उत्पीड़न से संबंधित घटनाओं का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं के समाधान के प्रति अधिकारियों को संवेदनशील और गंभीर रहने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव, क्षेत्राधिकारी अपराध सौम्या अस्थाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।