मेरठ में हजारों विद्यार्थियों ने किया संविधान प्रस्तावना का वाचन
एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा-II ने विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक
मेरठ। ANN
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज, मेरठ में संविधान समारोह अभियान के अंतर्गत ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा-II की उपस्थिति में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह नौ बजे जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा-II ने अधिकारियों, छह विद्यालयों के लगभग 1500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर किया।
जनपद न्यायाधीश ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल आदर्शों तथा संवैधानिक मूल्यों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति सम्मान एवं निष्ठा बनाए रखने के साथ अपने अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनिका वर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को सशक्त, समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के अंतर्गत जनपद मेरठ के अन्य लगभग 250 विद्यालयों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया, जिसमें 97,435 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में भी समस्त न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनिका वर्मा ने गंगानगर स्थित आईआईएमटी लॉ कॉलेज में आयोजित संविधान संवाद कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने विधि विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति शर्मा, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पारूल वर्मा, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के उप प्रधानाचार्य प्रशान्त चौधरी, सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जितेन्द्र कुमार सहित एसएसडी बॉयज इंटर कॉलेज, भागीरथी गर्ल्स इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज, दुर्गाबाड़ी गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं भारतीय गर्ल्स इंटर कॉलेज के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।