पहल एक प्रयास ने 681वें सप्ताह चलाया यातायात जागरूकता अभियान
तेजगढ़ी चौराहे पर वाहन चालकों और राहगीरों को यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
मेरठ। ANN
सामाजिक संस्था पहल एक प्रयास के स्वयंसेवकों ने अपने निरंतर अभियान के 681वें सप्ताह में तेजगढ़ी चौराहे पर यातायात जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने राहगीरों और वाहन चालकों से संवाद करते हुए उन्हें जिम्मेदार एवं सभ्य नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की अपील की। इसके साथ ही लोगों को ट्रैफिक लाइट और जेब्रा क्रॉसिंग के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
स्वयंसेवकों ने सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाते हुए नागरिकों से स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का अनुरोध किया।

अभियान का नेतृत्व कप्तान भानु सिंह और अभिषेक शर्मा ने किया। इस दौरान अनु भाटिया, मायरा भाटिया, शैली रस्तोगी, केजी भारद्वाज, चिराग नागर, शिवेन्द्र बैम्बी, अरुण शर्मा, पुष्पा चिकारा, राहुल अग्रवाल, बसंत चौहान और नितपाल सिंह सहित अन्य स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।
अभियान का समापन परंपरा के अनुसार सामूहिक राष्ट्रगान के साथ किया गया।