रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज में मानविकी विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित
एआई और वैश्वीकरण के दौर में मानवीय मूल्यों, नैतिकता, शोध एवं नवाचार के महत्व पर विशेषज्ञों ने रखे विचार, न्यूजलेटर और स्मारिका का हुआ विमोचन
मेरठ । ANN
रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ में प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन में आईक्यूएसी एवं रिसर्च डेवलपमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में ‘समकालीन विश्व में मानविकी की प्रासंगिकता : चुनौतियां एवं अवसर’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में मानविकी विषयों की प्रासंगिकता, बदलती भूमिका, चुनौतियों एवं नवीन संभावनाओं पर अकादमिक विमर्श को प्रोत्साहित करना रहा।
सेमिनार के प्रथम दिवस का शुभारंभ महाविद्यालय के कुलगीत, दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रथम तकनीकी सत्र का संचालन प्रो. दीक्षा याजुर्वेदी ने किया। प्रो. सोनिका चौधरी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। डीन एकेडमिक्स प्रो. अर्चना रानी ने महाविद्यालय की शैक्षणिक विरासत एवं उपलब्धियों की जानकारी दी, जबकि डॉ. गीता रानी ने सेमिनार की विषयवस्तु से अवगत कराया।
प्रथम तकनीकी सत्र में मुख्य अतिथियों एवं प्राचार्या ने कॉलेज-ओ-स्कोप, महाविद्यालय के न्यूजलेटर तथा सेमिनार की स्मारिका का विमोचन किया।
मुख्य अतिथि स्टारेक्स विश्वविद्यालय, गुरुग्राम के पूर्व कुलपति प्रो. एम.एम. गोयल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक एवं वैश्वीकरण के बढ़ते प्रभाव के बीच मानवीय मूल्यों, नैतिकता और संवेदनशीलता का संरक्षण बेहद आवश्यक है। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, विवेक, सहानुभूति, रचनात्मकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना भी है।

उन्होंने ‘नीडोनॉमिक्स’ अर्थात आवश्यकता आधारित जीवनशैली को ‘ग्रीडोनॉमिक्स’ अर्थात लालच आधारित उपभोग से श्रेष्ठ बताते हुए श्रीमद्भगवद्गीता के सिद्धांतों के अनुरूप संयमित, नैतिक, अहिंसक एवं पर्यावरण अनुकूल जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता, मानसिक कल्याण एवं समावेशी विकास को विकसित भारत के निर्माण का आधार बताया।
विशिष्ट अतिथि आर्यभट्ट कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. सतीश कुमार झा ने स्थानीय एवं वैश्विक चुनौतियों, स्वराज की अवधारणा, अंतर-सांस्कृतिक समानता, स्वदेशी ज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्थानीय ज्ञान और वैज्ञानिक सोच के समन्वय से समाज में समानता, जागरूकता एवं सतत विकास को बढ़ावा दिया जा सकता है।
मुख्य वक्ता मोतीलाल नेहरू कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. अजाद सिंह ने कहा कि विश्व को बेहतर बनाने के लिए नवीन ज्ञान का सृजन एवं प्रसार आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में शोध एवं नवाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एनएसएसओ तथा ‘LaTeX’ सॉफ्टवेयर की उपयोगिता के संबंध में शोधार्थियों को जानकारी दी।
गुरुग्राम विश्वविद्यालय, हरियाणा की प्रो. सुप्रिया संजू ने कहा कि शिक्षा ज्ञान, कौशल और विवेक प्रदान करती है, जबकि मानवीय मूल्य सहयोग, सदाचार एवं नैतिकता सिखाते हैं। उन्होंने डिजिटल साक्षरता के साथ डिजिटल नैतिकता तथा मानवीय मूल्यों के पुनर्जागरण की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
भोजनावकाश के बाद द्वितीय तकनीकी सत्र का संचालन सुश्री ज्योति दुबे ने किया। विशेष वक्ता मेरठ कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रो. कंचन सिंह ने कहा कि मानविकी केवल ज्ञान का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं का उच्चतम स्वरूप है। आधुनिक जीवनशैली में बढ़ती कृत्रिमता से दूर होकर मनुष्य को प्राकृतिक जीवन मूल्यों और सहज मानवीय व्यवहार की ओर लौटना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मनुष्य का प्रकृति और अपनी मूल संवेदनाओं से दूर होना उसके अस्तित्व एवं भविष्य के लिए चुनौती बन रहा है। वास्तविक विकास तभी संभव है, जब तकनीकी एवं भौतिक प्रगति के साथ मानवीय संवेदनाओं, प्राकृतिक मूल्यों और पर्यावरण के प्रति दायित्वों को भी समझा जाए।
सेमिनार के दौरान शोधार्थियों एवं प्रतिभागियों ने शोधपरक प्रस्तुतियां दीं तथा विशेषज्ञों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद किया। प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने सेमिनार के सफल आयोजन पर सभी को बधाई देते हुए मानविकी विषयों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शोधपत्र लिखने एवं नवीन शोध की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. सोनिका चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। सेमिनार के प्रथम दिवस का समापन चाय एवं समापन सत्र के साथ हुआ। महाविद्यालय की यह अकादमिक पहल ज्ञान के आदान-प्रदान, शोध की नवीन दिशाओं एवं अंतर्विषयक संवाद को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच बनी।
कार्यक्रम की जानकारी महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी प्रो. सुनीता एवं डॉ. पूनम लता सिंह ने दी