विश्वविद्यालय में शहीद धन सिंह कोतवाल की जयंती पर नमन
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, कहा- शहीद धन सिंह कोतवाल का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर
मेरठ। ANN
1857 की प्रथम स्वाधीनता क्रांति के महान क्रांतिकारी शहीद धन सिंह कोतवाल की जयंती के अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित धन सिंह कोतवाल कम्युनिटी सेंटर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि शहीद धन सिंह कोतवाल का जीवन साहस, त्याग, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनका बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनकी वीरता एवं राष्ट्रभक्ति की गाथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, सामाजिक एकता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देती रहेगी।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का दायित्व है कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के ऐतिहासिक योगदान, संघर्ष और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए। युवा उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने शहीद धन सिंह कोतवाल के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और अमर बलिदान को स्मरण किया। सभी ने उनके आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निदेशक शोध प्रो. बीरपाल सिंह, कुलसचिव ए.के. यादव, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. जमाल अहमद सिद्दीकी, डॉ. विवेक त्यागी तथा साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा सहित परिषद के सभी सदस्य, विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा एवं परिषद के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही