मेरठ में 30 नवंबर को लगेगी सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी
मेरठ। ANN भारतीय सेना के प्रति विद्यार्थियों में उत्साह और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 30 नवंबर 2026 को मेरठ छावनी में एक दिवसीय सैन्य उपकरण प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। ‘नो योर आर्मी’ एवं ‘ज्वाइन इंडियन आर्मी’ थीम पर आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी को उत्तर प्रदेश के सैनिक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर के प्रयासों से स्वीकृति मिली है।
प्रदर्शनी का आयोजन मेरठ छावनी स्थित जसौर कॉम्प्लेक्स, कैटल रिसर्च सेंटर में किया जाएगा। इसमें भारतीय सेना के हथियारों, सैन्य उपकरणों, बख्तरबंद वाहनों तथा सैन्य बैंड का प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण रहेगा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय सेना से जुड़कर राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित करना है।
विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रदर्शनी का समय सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं, महाविद्यालयों के विद्यार्थी दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक प्रदर्शनी में शामिल हो सकेंगे।
यह आयोजन केवल विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए होगा। आम जनता को प्रदर्शनी में प्रवेश नहीं मिलेगा। विद्यार्थी अपने शिक्षकों के साथ ही कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
विद्यार्थियों को आयोजन स्थल तक लाने और वापस ले जाने की परिवहन व्यवस्था संबंधित शिक्षण संस्थानों द्वारा की जाएगी। संस्थानों को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की संख्या का विवरण पहले ही आयोजकों को उपलब्ध कराना होगा।
विद्यार्थियों को अपना विद्यालय अथवा महाविद्यालय का पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। साथ ही आयोजन स्थल पर अनुशासन एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करना होगा। प्रदर्शनी से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9457180988 पर संपर्क किया जा सकता है।