युक्ति को अगवा करके ले जाती कार, गोल घेरे में
मेरठ। मंगलवार को बदमाश एक लड़की को XUV कार से उठा ले गए। ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास देर रात करीब 11.30 बजे कार से आए बदमाशों ने लड़की को कार में घसीट लिया। लड़की चीखने-चिल्लाने लगी।
चीख-पुकार सुनकर स्कूटी सवार लड़कों ने पीछा किया। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने कार भगानी शुरू की। हड़बड़ी में स्कूटी को टक्कर मार दी। फिर स्पीड बढ़ाकर फरार हो गए। लड़कों ने उसका पीछा किया।
लड़कों ने दावा किया कि जब हम कार का पीछा कर रहे थे, तब कार का गेट खुला हुआ था। लड़की जोर-जोर से चिल्ला रही थी। मदद की गुहार लगा रही थी। लेकिन, कार की स्पीड तेज होने की वजह से हम रिठानी तक ही उसका पीछा कर पाए। फिर XUV परतापुर की ओर मुड़ गई।
फिर हमने पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस ने आसपास के CCTV खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में पुलिस ने किडनैपिंग की बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले का खुलासा कार को बरामद करने के बाद किया जाएगा।
सरस्वती लोक के रहने वाले रोहित कपूर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया- मंगलवार रात को अपने साथी एकांश गोयल के साथ ट्रांसपोर्ट नगर स्थित ऑफिस से घर लौट रहा था। एक कार ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी थी। हमने उसे क्रॉस किया। तभी पीछे से आवाज आई कि देखो, लेडीज उठा ली। पकड़ो-पकड़ो।
इतने में तेज रफ्तार कार हमारे पास से गुजरी। मैंने किसी तरह स्कूटी बचाई और साइड किया। स्कूटी हल्का स्लिप भी हुई। खुद को संभालकर देखा तो कार का गेट खुला था। पीछा किया तो अंदर से बचाओ-बचाओ की आवाज आ रही थी। जब मैंने देखा तो मेरे से गाड़ी दूर होती जा रही है तो मैं रुक गया। मैंने नंबर देखा कि कार का नंबर DL….. 7060 था। बीच का नंबर देख नहीं पाया।
रोहित ने बताया कि हमने करीब 3 km तक हमने गाड़ी का पीछा किया। इस दौरान हमने वीडियो भी बनाया। आरोपी XUV का गेट खुला छोड़कर गाड़ी दौड़ाते रहे। जब XUV हमारी पहुंच से दूर काफी आगे निकल गई, तो पुलिस को घटना की सूचना दी।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने कहा- CCTV फुटेज देखे गए। XUV कार थाना टीपी नगर क्षेत्र से गुजरी थी। कार में पहले से ही एक महिला और बच्चा मौजूद था। जब कार ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन पर पहुंची और दरवाजा खुला तो आसपास के लोगों ने गाड़ी में झगड़े की आवाजें सुनी थीं। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीपी नगर और ब्रह्मपुरी थाने से कुल चार टीमें गठित कर दी हैं। हमारी स्वाट टीम गाड़ी की तलाश कर रही हैं। हालांकि, अब तक मिले CCTV फुटेज की शुरुआती जांच में महिला को खींच के गाड़ी में भगाने की बात सामने नहीं आई है।