अखिलेश यादव के जन्मदिन को भव्य रूप से मनाए जाने की रूपरेखा तैयार करते पूर्व पार्षद
मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिवस को आगामी 1 जुलाई 2026 को मेरठ में ‘पीडीए हरियाली-खुशहाली दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर पूरे सप्ताह वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
इस संबंध में बुधवार को शहर के नील की गली स्थित एक स्थान पर समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षदों की एक संक्षिप्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1 जुलाई से 7 जुलाई तक आयोजित किए जाने वाले पीडीए चौपाल, हरियाली दिवस एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अखिलेश यादव के जन्मदिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की जाएगी। नेताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण मिल सके।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल प्रदूषण को कम करने में सहायक हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और स्वस्थ जीवन के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से समाजवादी पार्टी पीडीए अभियान के अंतर्गत हरियाली और खुशहाली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
बैठक में पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी, पूर्व पार्षद एवं अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव महमूद इकबाल कस्सार, पूर्व पार्षद शमसुद्दीन कुरैशी, महानगर समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष संजय यादव तथा रामचंद्र यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी ने बताया कि 1 जुलाई से शुरू होने वाले अभियान के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में जनसहभागिता के साथ पौधारोपण किया जाएगा तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की।