प्रदर्शनी का शुभारंभ करते राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह परिसर में जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा विकसित भारत-2047 के विजन को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर विकास प्रदर्शनी और जनकल्याणकारी शिविर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी द्वारा अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया गया।
विकास की 12 वर्षीय यात्रा को प्रदर्शनी में किया गया प्रदर्शित
प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों, उत्तर प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण, किसान हितैषी योजनाओं और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को लाभ भी प्रदान किया गया।
प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रमों सहित अनेक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा जनपद में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया।
मेरठ विकास के नए आयाम छू रहा है: डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
उन्होंने मेरठ में संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आरआरटीएस, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों ने जनपद को नई पहचान दी है। आज मेरठ तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में यह गति और अधिक तेज होगी।
20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी
मुख्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचें और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।
मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने बताया कि यह विकास प्रदर्शनी 20 जून 2026 तक आमजन के लिए खुली रहेगी। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी प्रदर्शनी में उपस्थित रहकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेंगे।
बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिक
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को सरकार की विकास नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।