बिजली संकट, महंगी दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
मेरठ। उत्तर प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनता को राहत देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रदेश की जनता गंभीर बिजली संकट का सामना कर रही है। आम आदमी पार्टी के कैंट विधानसभा अध्यक्ष भरत लाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई-कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आम नागरिक, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता देश की सबसे महंगी बिजली दरों का भुगतान कर रही है, इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है। लगातार हो रही कटौती के कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी ने प्रदेश सरकार की बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार लगातार बिजली व्यवस्था में सुधार के दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसका सीधा असर उद्योग, व्यापार, कृषि कार्यों और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष फुरकान त्यागी ने बाराबंकी में हुई एक दर्दनाक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने इस घटना को प्रदेश की बदहाल बिजली व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग की।
शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष हेम कुमार ने आरोप लगाया कि जनता बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रही है, लेकिन सरकार के जिम्मेदार मंत्री समस्याओं का समाधान करने के बजाय बयानबाजी में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है और लोगों की आवाज को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष नीलम शर्मा ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से फर्जी बिलिंग, गलत रीडिंग और कई गुना बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। लाखों उपभोक्ता आर्थिक शोषण का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों के निस्तारण के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही है।
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने, प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में बढ़ोतरी पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर एवं फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह आंदोलन प्रदेश की करोड़ों जनता के हितों से जुड़ा हुआ है। यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आम आदमी पार्टी प्रदेशव्यापी जनआंदोलन को और अधिक व्यापक और तेज करेगी।
प्रदर्शन में सरधना विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष रियाज खान, जिला सचिव वैभव मलिक, जिला सचिव अतुल नागर, आरिफ, अब्दुल्ला, नदीम, अशफाक अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।