थिरोट गांव की ललिता गौतम हत्याकांड पर आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल परिवार से मिला
मेरठ/लखनऊ। मेरठ जनपद के थिरोट गांव में दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व दिल्ली से विधायक एवं पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी सुरेन्द्र चौधरी, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका तथा मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने किया। प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली के कोंडली विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल रहे।
पार्टी नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। इस दौरान आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार और प्रशासन पर मामले को लेकर कई आरोप लगाए तथा निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक कार्रवाई पर जताई आपत्ति
आम आदमी पार्टी के नेताओं का आरोप है कि प्रतिनिधिमंडल को थिरोट गांव जाने से रोकने के लिए प्रशासन ने सुबह से ही कई पदाधिकारियों को उनके आवासों पर नजरबंद कर दिया था। पार्टी के अनुसार पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष हबीब अंसारी, जिला महासचिव हेम कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारियों को पुलिस ने उनके घरों पर रोक दिया।
पार्टी का कहना है कि कार्यकर्ताओं के विरोध और जनदबाव के बाद प्रशासन ने उन्हें जाने की अनुमति दी, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिल सका।
सुरेन्द्र चौधरी बोले – न्याय की लड़ाई जारी रहेगी
दिल्ली के विधायक एवं पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि पार्टी इस मामले में न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी और यदि आवश्यकता पड़ी तो बड़े स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा।
सोमेंद्र ढाका ने की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि ललिता गौतम की हत्या अत्यंत गंभीर घटना है और दोषियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो भविष्य के लिए उदाहरण बने। उन्होंने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध पर नियंत्रण करने के बजाय विपक्षी नेताओं को रोकने में अधिक सक्रिय दिखाई दे रही है।
कुलदीप कुमार ने सरकार पर साधा निशाना
दिल्ली के कोंडली विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में दलित समाज और महिलाओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए।
अंकुश चौधरी ने आंदोलन की चेतावनी दी
मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को समयबद्ध न्याय, पर्याप्त सुरक्षा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी पूरे जनपद में व्यापक जनआंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और घर-घर जाकर न्याय की मांग को बुलंद करेगी।
पार्टी ने रखीं चार प्रमुख मांगें
पत्रकार वार्ता और प्रतिनिधिमंडल की ओर से आम आदमी पार्टी ने सरकार के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं—
- पीड़ित परिवार को निष्पक्ष एवं त्वरित न्याय दिलाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।
- पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
- परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
- मुख्यमंत्री राहत कोष से 50 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली के विधायक सुरेन्द्र चौधरी, कुलदीप कुमार, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, मेरठ जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता अंकुश चौधरी, पश्चिम प्रांत महासचिव मनीष सिंह, जिला संरक्षक एस.के. शर्मा, जिला महासचिव हेम कुमार, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान, सरधना विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, बागपत जिलाध्यक्ष ओमवीर सैन, एससी/एसटी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सचिन वाल्मीकि, जिला सचिव वैभव मलिक, विचित्र सिसोदिया, यासीन मलिक, अतुल नागर, सिवाल खास विधानसभा अध्यक्ष इंतजार अली सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।