21 जुलाई को मुख्यालय का घेराव करने को लेकर रणनीति बनाते हैं भाकियू जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने आगामी 21 जुलाई को मेरठ जिला मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया है। इस कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को कंकरखेड़ा स्थित जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के आवास पर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता मेजर सुरेन्द्र सिंह ने की, जबकि संचालन हर्ष चहल ने किया। इस दौरान जिला कमेटी के सभी प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे और 21 जुलाई के जिला मुख्यालय घेराव को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि जिले का किसान लंबे समय से अनेक समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन प्रशासन उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान करने में विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को बिजली के लोड बढ़ाने में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सिंचाई विभाग में अनियमितताओं के कारण किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों का गन्ना भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि जिलाधिकारी स्तर पर भी किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर अब किसान चुप नहीं बैठेंगे और 21 जुलाई को जिला मुख्यालय पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
अनुराग चौधरी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय घेराव में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने के लिए मजबूर हो।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे मेजर सुरेन्द्र सिंह ने भी सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान हितों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए संगठन को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में 21 जुलाई के जिला मुख्यालय घेराव को सफल बनाने का संकल्प लिया और किसानों से बड़ी संख्या में मेरठ पहुंचने की अपील की।
बैठक में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी, हर्ष चहल, सत्यवीर सिंह, नरेश मवाना, विनेश प्रधान, देशपाल, मोनू, जसबीर, अमित कुंडू, इंद्रपाल, वीरपाल, तपेश्वर, बीसी, जज सिंह, सरदार बंटी, पुष्पेंद्र, प्रमोद सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।