कॉलेजो में जारी रहा "छात्रों की गूंज" अभियान
मेरठ। कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज‘ अभियान को मेरठ में लगातार व्यापक समर्थन मिल रहा है। अभियान के आठवें दिन भी खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के बावजूद छात्रों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अभियान से जुड़कर शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
अभियान के तहत शहर संयोजक अवनीश काजला के नेतृत्व में मेरठ एक्शन टीम ने जिले के विभिन्न कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों में व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान टीम ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें अभियान के उद्देश्य बताए और मिस्ड कॉल व पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। बड़ी संख्या में छात्रों ने पंजीकरण कराकर अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
शहर संयोजक अवनीश काजला ने कहा कि अभियान को लगातार मिल रहा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि प्रदेश का छात्र और युवा वर्ग शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त कमियों के कारण छात्रों में असंतोष बढ़ा है। उनका कहना था कि छात्र अब अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान केवल पंजीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को एक मंच पर लाकर उन्हें मजबूती से उठाना है। अभियान के माध्यम से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनकी आवाज़ को नीति-निर्माताओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के दौरान टीम ने विद्यार्थियों से आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। साथ ही उन्हें अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी भी दी गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दावा है कि मेरठ में अभियान को लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और आने वाले दिनों में इसे जिले के अन्य शिक्षण संस्थानों तक भी विस्तार दिया जाएगा।
अभियान में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
शहर संयोजक अवनीश काजला, अल्तमस त्यागी, सहरयाब मुखिया, अजय चौधरी, अज़ीम प्रधान, इमरान अख्तर, सुमित विकल, फरहान चौधरी, अफरोज सैफी, मुस्तजाब चौधरी, वासु चौधरी, आयुष कुमार, कुणाल पंडित, अनस चौधरी, हमजा चौहान, सोनम रानी, रवि कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता।