"छात्रों की गूंज" अभियान के अंतर्गत कांग्रेसियों ने किया व्यापक जनसंपर्क
मेरठ। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को मेरठ में लगातार छात्रों का समर्थन मिल रहा है। अभियान के सातवें दिन भी शहर के विभिन्न कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने मिस्ड कॉल और पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से अभियान से जुड़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
अभियान का नेतृत्व शहर संयोजक अवनीश काजला ने किया। उनके नेतृत्व में मेरठ एक्शन टीम ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्रों से संवाद किया और अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। टीम ने विद्यार्थियों को शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर जागरूक करते हुए आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर छात्रों को जोड़ने का प्रयास
शहर संयोजक अवनीश काजला ने कहा कि अभियान को लगातार मिल रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश का छात्र और युवा वर्ग शिक्षा व्यवस्था में सुधार, रोजगार के अवसरों और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर है।
उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था की कमियों से छात्र निराश हैं। ऐसे में छात्र अब लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाने और अपने अधिकारों के लिए संगठित होने का निर्णय ले रहे हैं।
अवनीश काजला ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को एक मंच पर लाना और उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से छात्रों को उनके अधिकारों और लोकतांत्रिक भागीदारी के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
आगामी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। साथ ही उन्हें अभियान के उद्देश्यों, छात्र हितों से जुड़े मुद्दों और संगठन की आगामी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।
ये रहे अभियान में शामिल
सातवें दिन के अभियान में शहर संयोजक अवनीश काजला के अलावा अल्तमस त्यागी, सहरयाब मुखिया, अजय चौधरी, अज़ीम प्रधान, इमरान अख्तर, सुमित विकल, फरहान चौधरी, अफरोज सैफी, मुस्तजाब चौधरी, वासु चौधरी, आयुष कुमार, कुणाल पंडित, अनस चौधरी, हमजा चौहान, सोनम रानी और रवि कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के आयोजकों का दावा है कि मेरठ में छात्रों का बढ़ता समर्थन यह संकेत देता है कि शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दे युवाओं के बीच प्रमुख विषय बने हुए हैं। इसी को देखते हुए आने वाले दिनों में अभियान को जनपद के अन्य शिक्षण संस्थानों तक भी विस्तारित किया जाएगा।