बागपत में उप गन्ना आयुक्त ने किया चीनी मिलों का निरीक्षण
बागपत, 20 नवंबर 2026। ANN गन्ना किसानों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शी तौल व्यवस्था और पेराई सत्र 2026-27 के सुचारु संचालन को लेकर गन्ना विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मेरठ के उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह ने जनपद बागपत का सघन भ्रमण कर विभिन्न चीनी मिलों, गन्ना क्रय केंद्रों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पांच महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर गन्ना खरीद, तौल व्यवस्था, किसानों को उपलब्ध सुविधाओं तथा चीनी मिलों के संचालन की समीक्षा की। इस दौरान मानक बाटों से कराई गई तौल की जांच सही पाई गई।
उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि गन्ना किसानों के हितों की रक्षा करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को उनकी उपज का सही वजन मिले, गन्ने की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे और चीनी मिलों में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए अधिकारियों एवं मिल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण अभियान के अंतर्गत उप गन्ना आयुक्त सबसे पहले मोदी समूह की मलकपुर चीनी मिल पहुंचे। यहां उन्होंने मिल गेट पर स्थापित तौल कांटे की जांच कराई। इस दौरान 5, 10 और 15 कुंतल के मानक बाट रखवाकर तौल की क्रॉस जांच की गई। जांच में तौल सही पाई गई। उन्होंने मिल परिसर में उपस्थित किसानों से बातचीत करते हुए साफ-सुथरा एवं ताजा गन्ना आपूर्ति करने की अपील की।

मलकपुर चीनी मिल में निरीक्षण के दौरान उप गन्ना आयुक्त ने केन हार्वेस्टर का भी जायजा लिया। उन्होंने मिल प्रशासन को निर्देश दिए कि किसान शेड में पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही गन्ना लेकर आने वाले किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े तथा गन्ने की आपूर्ति व्यवस्था निर्बाध बनी रहे। इस अवसर पर मलकपुर चीनी मिल के वाइस प्रेसिडेंट विपिन कुमार, गन्ना प्रबंधक केपी सिंह तथा ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक संजय कुमार उपस्थित रहे।
इसके बाद उप गन्ना आयुक्त ने सहकारी गन्ना विकास समिति मलकपुर में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन आवास, पहुंच मार्ग और बाउंड्रीवाल की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के अगले चरण में उप गन्ना आयुक्त बागपत चीनी मिल पहुंचे। यहां मिल गेट पर स्थापित तौल कांटे की जांच कराई गई, जिसमें तौल सही पाई गई। उन्होंने किसानों से स्वच्छ एवं ताजा गन्ना मिल में पहुंचाने की अपील की। साथ ही मिल प्रबंधन को निर्देश दिए कि गन्ना खरीद और तौल के दौरान किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
बागपत चीनी मिल के निरीक्षण के दौरान समिति सचिव अनिल यादव, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक संजय श्रीवास्तव, चीनी मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी अंकित कुमार तथा प्रधान प्रबंधक प्रदीप तेवतिया उपस्थित रहे।
उप गन्ना आयुक्त ने सहकारी चीनी मिल बागपत का भ्रमण कर मिल की संचालन व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मिल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के साथ पेराई सत्र की तैयारियों, गन्ना आपूर्ति, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं तथा विभागीय समन्वय पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पेराई सत्र के दौरान मिल संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह ने रमाला चीनी मिल के मिल गेट का निरीक्षण किया। यहां गन्ने से भरी ट्रॉली की तौल के दौरान मानक बाट रखवाकर दोबारा जांच कराई गई। जांच में तौल सही पाई गई। उन्होंने मिल गेट पर पारदर्शी तौल व्यवस्था बनाए रखने, यार्ड में नियमित साफ-सफाई कराने तथा किसानों को गन्ना आपूर्ति के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक रमाला रंजय जायसवाल उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उप गन्ना आयुक्त ने सहकारी चीनी मिल बागपत और रमाला के यार्ड में ढुलाई वाहनों की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गन्ना परिवहन की व्यवस्था सुचारु रखी जाए और मिल परिसर में गन्ना लेकर आने वाले वाहनों के कारण अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए।
उप गन्ना आयुक्त ने चीनी मिल प्रबंधन को निर्देशित किया कि किसानों को तौल, गन्ना आपूर्ति, परिवहन और अन्य सुविधाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके लिए मिल गेटों पर तौल की पारदर्शिता और किसान सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए।
यशपाल सिंह ने कहा कि पेराई सत्र 2026-27 के दौरान किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। गन्ना किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, उनकी उपज की सही तौल सुनिश्चित करना और चीनी मिलों का सुचारु संचालन बनाए रखना गन्ना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसान सुविधाओं, तौल व्यवस्था अथवा गन्ना आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय अधिकारी नियमित निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की निगरानी करें, ताकि किसानों को अपनी उपज चीनी मिलों तक पहुंचाने और उसकी तौल कराने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।