संचारी रोग नियंत्रण को लेकर मेरठ के विकास भवन सभागार में बैठक करते जिला अधिकारी डॉ वीके सिंह
मेरठ। विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं संचारी रोग नियंत्रण संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए तथा सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में प्राप्त एक गंभीर शिकायत का संज्ञान लेते हुए माछरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के ग्राम मानपुर की एक आशा कार्यकर्त्री द्वारा महिला मरीज को कथित मिलीभगत के आधार पर डिलीवरी के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराने और अपने दायित्वों में लापरवाही बरतने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित आशा कार्यकर्त्री की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता या निजी हितों के लिए सरकारी व्यवस्था का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) एवं अन्य सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल, मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों का नियमित निरीक्षण किया जाए और मरीजों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
जननी सुरक्षा योजना और टीकाकरण की समीक्षा
बैठक में जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लंबित भुगतान पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल भुगतान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की किसी भी योजना में जनपद की प्रगति औसत से कम नहीं होनी चाहिए। सभी योजनाओं के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध उपलब्धि सुनिश्चित की जाए तथा टीकाकरण अभियान में भी अपेक्षित प्रगति लाई जाए।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर विशेष निर्देश
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दस्तक अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और इनमें जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही “स्कूल चलो अभियान” के साथ समन्वय स्थापित कर बच्चों एवं अभिभावकों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, मलेरिया सहित अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करने तथा प्रत्येक सप्ताह प्रगति की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ और यूएनडीपी से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में बिल भुगतान, स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद तथा यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ और यूएनडीपी से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रसाद, जिला क्षय रोग अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार गुप्ता, सभी खंड विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।