कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते मेरठ जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने के उद्देश्य से सर छोटू राम इंजीनियरिंग कॉलेज, मेरठ में कोचिंग बैच के सेमिनार एवं उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता का मूलमंत्र देते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए भाग्य नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास सबसे महत्वपूर्ण हैं।
“भाग्य नहीं, मेहनत पर करें भरोसा” – जिलाधिकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि युवा अपने भविष्य को किस्मत के भरोसे न छोड़ें। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता पाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ मेहनत करना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को सफलता अवश्य मिलती है और यही उन्हें जीवन में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाती है।
प्रशासनिक अधिकारी भी करेंगे छात्रों का मार्गदर्शन
जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों की समय-समय पर 30 से 35 मिनट की प्रेरणात्मक एवं मार्गदर्शन कक्षाएं आयोजित कराई जाएं। इन सत्रों में अधिकारी अपने अनुभव साझा करेंगे और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने दिए सफलता के मंत्र
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिविल सेवा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अपनी रुचि के विषयों का गहन अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने की सलाह दी।
अपर नगर आयुक्त ने साझा किए तैयारी के टिप्स
अपर नगर आयुक्त ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का गंभीरता से अध्ययन करना चाहिए, परीक्षा के पैटर्न को समझना चाहिए तथा नियमित रूप से मॉक टेस्ट देकर अपनी तैयारी का मूल्यांकन करना चाहिए। इससे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में सहायता मिलेगी।
गरीबी बाधा नहीं, प्रेरणा बने – पूजा सेहरावत
जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) सुश्री पूजा सेहरावत ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाइयों को कभी भी अपनी सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियां व्यक्ति को और अधिक मजबूत बनाती हैं तथा संघर्ष ही सफलता का आधार होता है।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से मिल रही निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी का अवसर प्रदान किया जाता है, जिससे वे विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित होकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें।
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, सर छोटू राम इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास), जिला समाज कल्याण अधिकारी, विषय विशेषज्ञों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।