शिक्षक संगठनों की संयुक्त बैठक में एक जुटता का एहसास कराते शिक्षक नेता
लखनऊ, 4 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश में शिक्षक संगठनों के अस्तित्व से जुड़े मुद्दों को लेकर रविवार को लखनऊ स्थित क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज में वित्तविहीन शिक्षक विधायक और स्नातक विधायक चुनाव को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न शिक्षक संगठनों की संयुक्त बैठक में शिक्षक संघों के अस्तित्व और उनके सामने उत्पन्न हो रही चुनौतियों को लेकर चर्चा की गई।
शिक्षक संगठनों को एकजुट करने पर जोर
बैठक में शिक्षक संगठनों के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए विभिन्न संगठनों को एक मंच पर लाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसी क्रम में शिक्षक संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वित्तविहीन शिक्षक महासभा, उत्तर प्रदेश और माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट), उत्तर प्रदेश के साथ मदरसा एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की भागीदारी रही। बैठक में संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिक्षक हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने और सामूहिक रूप से आगे बढ़ने की बात कही।
‘माध्यमिक शिक्षक अस्तित्व बचाओ संघर्ष समिति’ का गठन
बैठक के दौरान विभिन्न शिक्षक संगठनों की ओर से ‘माध्यमिक शिक्षक अस्तित्व बचाओ संघर्ष समिति’ गठित करने की घोषणा की गई। समिति के माध्यम से शिक्षक संगठनों के अस्तित्व और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को लेकर संयुक्त रूप से आवाज उठाने की बात कही गई।
कुलदीप मलिक को शिक्षक विधायक और दुष्यंत त्यागी को स्नातक विधायक पद पर समर्थन
बैठक में मेरठ से शिक्षक विधायक पद के प्रत्याशी कुलदीप मलिक और स्नातक विधायक पद के प्रत्याशी दुष्यंत त्यागी को समर्थन देने की घोषणा की गई। बैठक में मौजूद संगठनों के प्रतिनिधियों ने दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में शिक्षकों से अपील की।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सभी शिक्षकों से, चाहे वे एडेड अथवा अनएडेड संस्थानों से जुड़े हों तथा किसी भी बोर्ड से संबंधित हों, दोनों प्रत्याशियों को समर्थन देकर मतदान करने की अपील की गई। आयोजकों ने शिक्षक समुदाय के विभिन्न वर्गों को एकजुट होकर अपने हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में शिक्षक नेता रहे मौजूद
बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई शिक्षक नेताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान जियारत हुसैन, सुमित शास्त्री, ललित बाबा, कुलदीप मलिक, दुष्यंत त्यागी, दिग्विजय नाथ उपाध्याय, मोहर पांडे, डॉ. कृष्ण मोहन यादव, सोनू पटेल, बंटी उपाध्याय (धनंजय), श्यामानंद शुक्ला, अमित दुबे, उमेश मिश्रा, राजेश वर्मा, मुस्लिम रजा खां, शरीफुद्दीन खां, महेश विश्वकर्मा, विक्की ठाकुर, कृष्णा सचिन त्यागी, राकेश शुक्ला, गुरुप्रसाद, दिवाकर, अरोहा त्रिपाठी, अनुप कुमार सिंह और पंकज कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक नेता उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित शिक्षक नेताओं ने शिक्षक संगठनों की एकजुटता और शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सामूहिक प्रयास जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों से आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई।