बी ए बी इंटर कॉलेज में आयोजित बैठक में शामिल लोग
मेरठ। युवा ब्राह्मण समाज संगठन ट्रस्ट, मेरठ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बीएवी इंटर कॉलेज स्थित बीई बोर्ड कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की भावी रणनीति, संगठनात्मक विस्तार तथा आगामी सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से कुलदीप शर्मा को आगामी कार्यकाल के लिए संगठन का अध्यक्ष घोषित किया।
बैठक की अध्यक्षता संगठन की स्थायी समिति के वरिष्ठ सदस्य गिरीश पराशर एवं जितेंद्र गौतम ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन स्थायी समिति के सदस्य अजय शर्मा द्वारा किया गया। बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 5 जुलाई 2026 को बीएवी इंटर कॉलेज परिसर में युवा ब्राह्मण समाज संगठन ट्रस्ट का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय समिति एवं सभी क्षेत्रीय समितियों के पदाधिकारियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए आगामी दिनों में केंद्रीय समिति तथा विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों का गठन पूरा कर लिया जाएगा, ताकि सभी नवगठित पदाधिकारी एक साथ शपथ ग्रहण कर सकें।
बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत एवं जनहितकारी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा हुई। सदस्यों ने समाज के बीच संगठन की भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
संगठन की आगामी गतिविधियों के अंतर्गत कांवड़ सेवा शिविर, विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन तथा समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही बैठक में यूजीसी से संबंधित विषयों सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर संगठन की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने और आवश्यक होने पर विरोध कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि युवा ब्राह्मण समाज संगठन ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के युवाओं को संगठित करना, सामाजिक एकता को मजबूत बनाना तथा शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सकारात्मक कार्य करना है। संगठन भविष्य में समाजहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर संचालित करेगा।
बैठक में मुख्य रूप से डॉ. मनीष कुमार शर्मा, ललित कौशिक, रमाकांत पचौरी, राजीव नरहरि, सौरव दिवाकर शर्मा, पुनीत शर्मा, शैलेंद्र भारद्वाज, सुरेंद्र शर्मा, संजय बाजपेई, अंकुर शर्मा, पंडित गणेश दत्त शर्मा, लव भारद्वाज, राजीव कौशिक, गिरीश भारद्वाज, सुधीर कुमार शर्मा, पंडित विकास शर्मा, सुनील कुमार, राजीव दीक्षित तथा विवेक शर्मा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी शपथ ग्रहण समारोह को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू करने का निर्णय लिया गया।