वैवाहिक बंधन में बंधे जोड़े
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन मेरठ की ओर से सोमवार, 27 जुलाई 2026 को छोटा मवाना स्थित भगवती गार्डन में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत कुल 116 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 67 हिंदू तथा 49 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
यह कार्यक्रम जिला प्रशासन मेरठ के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
विभिन्न विकास खंडों से पहुंचे लाभार्थी
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं नगर पंचायतों से चयनित पात्र जोड़ों ने भाग लिया। इनमें विकास खंड हस्तिनापुर से 18, खरखौदा से 7, माछरा से 21, मवाना से 16, परीक्षितगढ़ से 21, रजपुरा से 8 जोड़े शामिल रहे। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत बहसूमा से 1, हस्तिनापुर से 4, खरखौदा से 1, किठौर से 3, मवाना से 6, परीक्षितगढ़ से 4, फलावदा से 2 तथा शाहजहांपुर से 4 जोड़ों का विवाह भी इसी कार्यक्रम में संपन्न कराया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष और मुख्य विकास अधिकारी ने दिया आशीर्वाद
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी एवं मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने नवविवाहित दंपतियों को शुभाशीष प्रदान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं समाजहित में संचालित योजना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता कम हुई है तथा उन्हें सम्मानपूर्वक सामाजिक सुरक्षा भी मिल रही है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने दी योजना की जानकारी
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल ₹1 लाख खर्च किए जाने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत
कन्या के बैंक खाते में ₹64,000 की धनराशि डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से भेजी जाती है।
₹21,000 मूल्य की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की जाती है।
₹15,000 विवाह समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।
इस प्रकार प्रत्येक पात्र जोड़े को कुल ₹1 लाख की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
बड़ी संख्या में अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विकास खंड हस्तिनापुर, खरखौदा, माछरा, मवाना, परीक्षितगढ़ एवं रजपुरा के खंड विकास अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके अलावा सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) अनिल कुमार, प्रवेश कुमार तथा विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
29 जुलाई को फिर होगा सामूहिक विवाह
जिला समाज कल्याण विभाग ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अगला सामूहिक विवाह समारोह 29 जुलाई 2026 को अवतार फार्म हाउस, कुराली (जानी), मेरठ में आयोजित किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करना आवश्यक है।