मेरठ के सनी देओल उर्फ राजीव कॉमेडियन सुदेश लहरी के साथ
मेरठ। मेरठ के मशहूर कॉमेडियन और मिमिक्री आर्टिस्ट जूनियर सनी देओल एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर अपनी शानदार मिमिक्री और दमदार कॉमिक अंदाज से लाखों लोगों का दिल जीत चुके जूनियर सनी देओल हाल ही में लोकप्रिय टीवी शो लाफ्टर शेफ्स के सेट पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘बटवारा 1947’ का प्रमोशन किया।
शो के सेट पर जूनियर सनी देओल की एंट्री ने माहौल को पूरी तरह बदल दिया। उनकी मौजूदगी और शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों के साथ-साथ शो में मौजूद कलाकारों को भी खूब प्रभावित किया। उन्होंने सनी देओल के अंदाज में कई चर्चित डायलॉग सुनाए और अपनी बेहतरीन मिमिक्री से सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया।
कलाकारों ने की प्रतिभा की सराहना
शो के दौरान मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कृष्णा अभिषेक ने जूनियर सनी देओल की कॉमिक टाइमिंग की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी प्रस्तुति बेहद स्वाभाविक और मनोरंजक है। वहीं जाने-माने कॉमेडियन सुदेश लहरी भी उनकी प्रतिभा से प्रभावित नजर आए।
जूनियर सनी देओल ने कृष्णा अभिषेक और सुदेश लहरी के साथ कई मजेदार वीडियो भी शूट किए, जिनकी झलक जल्द ही दर्शकों को सोशल मीडिया पर देखने को मिल सकती है।
शेफ हरपाल सिंह सोखी ने मेरठ का बढ़ाया मान
शो के दौरान सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी ने भी जूनियर सनी देओल की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सबसे खास बात यह है कि आप मेरठ से हैं और इतनी शानदार मिमिक्री करते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि आप मेरे रेस्टोरेंट में भी आइए, हम दोनों मिलकर मेरठ का नाम और ऊंचा करेंगे।
हरपाल सिंह सोखी की इस टिप्पणी ने सेट पर मौजूद सभी लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।
सोशल मीडिया से टीवी तक का सफर
मेरठ निवासी जूनियर सनी देओल, जिनका वास्तविक नाम राजीव सिंह है, सोशल मीडिया पर सनी देओल की हूबहू आवाज और अंदाज की वजह से काफी लोकप्रिय हैं। उनके वीडियो लाखों बार देखे जा चुके हैं और उन्हें देशभर से सराहना मिल रही है।
उनकी पहचान सिर्फ मिमिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि अब वे मनोरंजन जगत में अभिनेता के रूप में भी अपनी पहचान बना रहे हैं।
‘बटवारा 1947’ में नजर आएंगे राजीव सिंह
जूनियर सनी देओल यानी राजीव सिंह जल्द ही फिल्म ‘बटवारा 1947’ में नजर आएंगे। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के जरिए राजीव सिंह अपने अभिनय का नया पक्ष दर्शकों के सामने पेश करेंगे।
मेरठ के लिए यह गर्व की बात है कि शहर की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर अपनी पहचान बना रही हैं। जूनियर सनी देओल की सफलता न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी साबित करती है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े मंचों तक पहुंचा जा सकता है।
फिल्म ‘बटवारा 1947’ के रिलीज होने का इंतजार अब उनके प्रशंसकों को बेसब्री से है।