पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक को बिजली आपूर्ति को लेकर ज्ञापन देते सरधना विधायक अतुल प्रधान
मेरठ। सरधना विधानसभा क्षेत्र से विधायक अतुल प्रधान ने मेरठ जनपद में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों और खराब विद्युत आपूर्ति को लेकर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर तत्काल प्रभाव से व्यवस्था सुधारने की मांग की है। विधायक ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच खराब विद्युत व्यवस्था के कारण किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और आम नागरिक गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
विधायक अतुल प्रधान ने अपने पत्र में बताया कि सरधना विधानसभा क्षेत्र के सरधना, फलावदा, दौराला, लावड़, करबो सहित मेरठ जनपद के अनेक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। कई इलाकों में घंटों तक बिजली नहीं मिलने, लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
उन्होंने कहा कि अनेक गांवों और मोहल्लों में विद्युत ट्रांसफार्मर क्षमता से अधिक लोड पर संचालित हो रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं। इन कारणों से लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। लो वोल्टेज के कारण घरेलू और व्यावसायिक विद्युत उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं तथा लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विधायक ने विशेष रूप से किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सिंचाई का कार्य बिजली पर निर्भर है, लेकिन लगातार बिजली कटौती और कम वोल्टेज के कारण किसान समय पर अपने खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो फसलों को नुकसान होने की आशंका है, जिससे किसानों पर आर्थिक संकट और गहरा सकता है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था भी बिजली आपूर्ति पर निर्भर है। बिजली बाधित रहने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं छोटे व्यापारी, विद्यार्थी और आम नागरिक भी लगातार बाधित बिजली व्यवस्था से प्रभावित हो रहे हैं।
विधायक अतुल प्रधान ने यह भी कहा कि कई स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो रहा है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने बिजली विभाग से शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।
अपने पत्र के माध्यम से विधायक ने PVVNL के प्रबंध निदेशक से अनुरोध किया है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए मेरठ जनपद एवं सरधना विधानसभा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को तत्काल सुचारु कराया जाए। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसानों और आम जनता को राहत मिल सके।
विधायक ने उम्मीद जताई कि बिजली विभाग इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करेगा और प्रभावित क्षेत्रों में जल्द ही बेहतर विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।