गांधी आश्रम चौराहे पर ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाते "पहल एक प्रयास" संस्था के पदाधिकारी
मेरठ। पहल एक प्रयास के स्वयंसेवकों ने शुक्रवार को अपने अनवरत अभियान के 676वें सप्ताह में गांधी आश्रम चौराहे पर ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और कार में सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वयंसेवकों ने लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों के प्रति भी सचेत किया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने प्लेकार्ड के माध्यम से लोगों का ध्यान बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की ओर आकर्षित किया। उन्होंने राहगीरों और वाहन चालकों से बातचीत कर नियमों का पालन करने की अपील की। कई लोग रुककर स्वयंसेवकों से बातचीत में शामिल हुए। स्वयंसेवकों ने उन्हें सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

प्लेकार्ड के जरिए दिया सभ्य नागरिक बनने का संदेश
पहल के स्वयंसेवकों के पास सभ्य नागरिक बनने और ट्रैफिक जागरूकता से जुड़े स्लोगन लिखे प्लेकार्ड थे। अभियान के माध्यम से आधुनिक सुविधाओं और सार्वजनिक संसाधनों को सहेजने का संदेश भी दिया गया। स्वयंसेवकों ने कहा कि नियमों का पालन और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति सजगता देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाने में सहायक है।
यातायात को व्यवस्थित करने में भी किया सहयोग
जागरूकता अभियान के साथ स्वयंसेवकों ने चौराहे से गुजर रहे वाहनों को व्यवस्थित ढंग से निकलवाने में मदद की और यातायात संचालन में सहयोग दिया। अभियान के आज के कप्तान राजीव अग्रवाल और अरुण शर्मा रहे। पंकज पहल, प्रदीप सिंह, कुलदीप गुप्ता, किरण चौधरी, अनु भाटिया, शैली रस्तोगी, के.जी. भारद्वाज और शिवेंद्र बैम्बी सहित अन्य स्वयंसेवकों ने भी सहयोग किया।