जाणता राजा पोस्टर का विमोचन करते दिव्य प्रेम सेवा मिशन के कार्यकर्ता
मेरठ। दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार द्वारा कुष्ठ रोगियों की सेवा एवं सामाजिक समर्पण के उद्देश्य से आयोजित किए जाने वाले विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक नाट्य मंचन ‘जाणता राजा’ के प्रचार-प्रसार के तहत रविवार को मेरठ के गढ़ रोड स्थित होटल हार्मनी इन में एक भव्य बैठक एवं पोस्टर विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेरठ महानगर के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षाविदों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर आगामी आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान अतिथियों ने 22 से 28 अक्टूबर तक सनसिटी, गाजियाबाद में आयोजित होने जा रहे भव्य कार्यक्रम ‘जाणता राजा’ के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने बताया कि यह कार्यक्रम छत्रपति शिवाजी महाराज के संपूर्ण जीवन, उनके संघर्ष, राष्ट्रभक्ति, सुशासन, वीरता एवं हिंदवी स्वराज की स्थापना की गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। इस ऐतिहासिक मंचन में 300 से अधिक कलाकार अभिनय करेंगे, जिससे दर्शकों को शिवाजी महाराज के जीवन के विभिन्न प्रेरणादायी प्रसंगों का भव्य एवं सजीव अनुभव प्राप्त होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय गुप्ता ‘वासु’ ने की, जबकि आयोजन के संयोजक विनय चौधरी (सनसिटी, गाजियाबाद) रहेंगे।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. आशीष गौतम ने अपने संबोधन में मिशन की सेवा गतिविधियों एवं ‘जाणता राजा’ कार्यक्रम की पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि समाज को राष्ट्रभक्ति, सेवा, संस्कार और इतिहास से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक महेंद्र जी ने अपने उद्बोधन में छत्रपति शिवाजी महाराज के अद्वितीय व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, संगठन क्षमता, नेतृत्व कौशल और जनकल्याणकारी शासन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति से राष्ट्रकवि डॉ. हरिओम पवार ने भी आयोजन की महत्ता को रेखांकित किया और कहा कि इतिहास की गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का व्यापक महत्व है।
कार्यक्रम का संचालन दीपक शर्मा ने किया, जबकि विजय राज सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से अरुण जिंदल, भाजपा जिला अध्यक्ष हरबीर पाल, भाजपा क्षेत्रीय मंत्री अंकुर राणा, पूर्व जिला अध्यक्ष शिवकुमार राणा, डॉ. जे.बी. चिकारा (फ्यूचर प्लस हॉस्पिटल), अजीत कुमार (वेद इंटरनेशनल), पवन गुप्ता (श्री रामलीला कमेटी, छावनी), वरुण अग्रवाल (चेयरमैन, एडको डेवलपर्स), राहुल शर्मा (अध्यक्ष, सत्यकाम इंटरनेशनल), अनिल गोल्डी (संस्थापक, छोटा खाटू धाम, मुल्तान नगर), केतन मुद्गल, गौरव सिरोही, शलभ गुप्ता, वासु, विनोद जाटव, अक्षय बेनीवाल, मालवीय त्यागी, आर्यन चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि अक्टूबर में आयोजित होने वाला ‘जाणता राजा’ महाआयोजन न केवल छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएगा, बल्कि समाज में राष्ट्रभावना, सेवा और सांस्कृतिक चेतना को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।