युवा गुर्जर नेता प्रशांत चौधरी समर्थकों सहित राष्ट्रीय लोकदल में शामिल
नई दिल्ली/सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उस समय एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मजबूती मिली, जब सहारनपुर के युवा गुर्जर नेता प्रशांत चौधरी (तितरो) ने अपने अनेक समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नई दिल्ली स्थित 25, तुगलक रोड पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में उन्होंने पार्टी का दामन थामा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, युवा लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष असद चौधरी तथा राष्ट्रीय लोकदल हरियाणा एवं जम्मू-कश्मीर के प्रदेश प्रभारी विनय प्रधान भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने प्रशांत चौधरी और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद प्रशांत चौधरी ने कहा कि वे चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के किसान, युवा और समाजहित के विचारों से प्रेरित होकर राष्ट्रीय लोकदल से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
प्रशांत चौधरी सहारनपुर के एक प्रतिष्ठित गुर्जर परिवार से संबंध रखते हैं। वह पूर्व विधायक डॉ. सुशील गुर्जर के भतीजे हैं। उनके परिवार का लंबे समय से क्षेत्र की सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। परिवार से स्वर्गीय चौधरी यशपाल सिंह सांसद भी रहे हैं। सहारनपुर की कई विधानसभा सीटों पर इस परिवार का व्यापक जनसंपर्क और प्रभाव माना जाता है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रशांत चौधरी के राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विशेषकर सहारनपुर जिले में पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिल सकती है। गुर्जर समाज के बीच उनकी सक्रियता और जनसंपर्क का लाभ आगामी राजनीतिक गतिविधियों में पार्टी को मिलने की संभावना जताई जा रही है।
राष्ट्रीय लोकदल परिवार ने प्रशांत चौधरी और उनके साथ पार्टी में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा सहारनपुर सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।