छावनी क्षेत्र में राज्यसभा सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई ने पधारोपण किया
मेरठ। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर छावनी परिषद, मेरठ द्वारा “सेवा, स्वच्छता, समर्पण” अभियान के अंतर्गत लालकुर्ती क्षेत्र में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी रहे। उन्होंने पौधारोपण करते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
कार्यक्रम में छावनी परिषद, मेरठ के मुख्य अधिशासी अधिकारी जाकिर हुसैन (आईडीईएस) एवं बीना बाधवा सहित छावनी परिषद के अधिकारी, कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने “हरित मेरठ, स्वच्छ मेरठ” के संकल्प के साथ पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया।
छावनी परिषद के अधिकारियों ने बताया कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।