विकास भवन सभागार में छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र सौंपते राज्यसभा सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी एवं कैंट विधायक अमित अग्रवाल
मेरठ, 3 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को विकास भवन सभागार मेरठ में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लोक भवन सचिवालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का विकास भवन सभागार में सजीव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए जाने का सीधा प्रसारण किया गया।
4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का अंतरण
प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम यानी कक्षा 9-10 तथा दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के आधार सीडेड बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि का अंतरण किया गया।
इसी क्रम में जनपद मेरठ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
181 छात्र-छात्राओं को वितरित हुए प्रमाण पत्र
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल और खरखौदा ब्लॉक प्रमुख अतुल त्यागी ने 181 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए।
इसके अतिरिक्त अन्य पात्र छात्र-छात्राओं को उनके संबंधित विद्यालयों में प्रधानाचार्यों के माध्यम से छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित कराए गए।
मेरठ के 2039 विद्यार्थियों को मिली 51.50 लाख रुपये की धनराशि
जनपद मेरठ में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न वर्गों के कुल 2039 छात्र-छात्राओं के आधार सीडेड बैंक खातों में 51.50 लाख रुपये की धनराशि अंतरित की गई।
अधिकारियों के अनुसार छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे लाभार्थी विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में भेजी गई है, जिससे पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ सीधे प्राप्त हो सके।
अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को राज्यांश और केन्द्रांश के माध्यम से भुगतान
जिला समाज कल्याण अधिकारी मेरठ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को पूर्ण छात्रवृत्ति धनराशि प्रेषित की गई है।
उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की 40 प्रतिशत धनराशि राज्यांश के रूप में प्राप्त हुई है। शेष 60 प्रतिशत धनराशि केन्द्रांश के रूप में केंद्र सरकार द्वारा सीधे विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में भेजी जाएगी।
अगले चरण में अन्य विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद के ऐसे अन्य छात्र-छात्रा, जिनका डाटा अभी कॉलेज स्तर से अग्रसारित किया जा रहा है, उन्हें अगले चरण में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शैलेश राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सिद्धान्त शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश कुमार शुक्ल, राजकीय इंटर कॉलेज मेरठ के प्रधानाचार्य प्रशान्त चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।