जनेश्वर मिश्र 94 जयंती पर नए पदाधिकारी की घोषणा
मेरठ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय जल संसाधन एवं रेल मंत्री तथा “छोटे लोहिया” के नाम से प्रसिद्ध समाजवादी आंदोलन के प्रमुख नेता स्वर्गीय पंडित जनेश्वर मिश्र की 94वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में एक विचार गोष्ठी एवं मासिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम तारापुरी स्थित मलिक सभा गृह (कासिम पब्लिक स्कूल के निकट) में आयोजित हुआ, जिसमें समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष चौधरी आस मोहम्मद नेकी ने की, जबकि संचालन पूर्व पार्षद दल नेता एवं कार्यक्रम संयोजक अफजाल सैफी ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष हाजी आदिल चौधरी रहे।
अपने संबोधन में हाजी आदिल चौधरी ने कहा कि पंडित जनेश्वर मिश्र ने अपना पूरा जीवन किसानों, मजदूरों, दस्तकारों, युवाओं, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि छोटे लोहिया ने सड़क से लेकर संसद तक समाज के वंचित वर्गों की आवाज को बुलंद किया और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए निरंतर संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र युवाओं को समाजवाद की विचारधारा अपनाने तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया, डॉ. भीमराव अंबेडकर, जयप्रकाश नारायण सहित समाजवादी चिंतकों के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जनआंदोलन आवश्यक हैं। इस अवसर पर उन्होंने जनेश्वर मिश्र का प्रसिद्ध कथन भी दोहराया कि “जब-जब सड़कें सूनी हो जाएंगी, संसद आवारा हो जाएगी।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजनीतिक दलों द्वारा जनआंदोलनों की कमी के कारण सरकारें मनमानी करने लगी हैं और विपक्ष की भूमिका भी कमजोर दिखाई देती है। इसलिए युवाओं को लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए समाजवादी सिद्धांतों और जनसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
बैठक में संगठनात्मक विस्तार के तहत दक्षिण विधानसभा इकाई में कई नए पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। अमित कुमार को दक्षिण विधानसभा महासचिव, हाजी मोहम्मद यूसुफ को उपाध्यक्ष तथा मोहम्मद फुरकान उर्फ राजा को सचिव मनोनीत किया गया। नवमनोनीत पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत बनाने और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर इरशाद अहमद डूंगरावली, मोहम्मद काशिफ कुरैशी, फिरोज मलिक, जीशान मलिक, अमित कुमार, राजा भैया, यूसुफ पहलवान, नन्हे खान, संगीता, राहुल, संदीप टीटोरिया, मोहम्मद काशिफ मंसूरी, इदरीश अहमद, राजू मलिक, नईमुद्दीन सैफी सहित अनेक समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी ने सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी आगामी दिनों में भी समाजवादी विचारधारा के प्रचार-प्रसार और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।