मुक्ति आंदोलन को लेकर रणनीति बनाते शिव सैनिक
मेरठ। संभल स्थित हरिहर मंदिर को लेकर शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन को लेकर संगठन ने आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में मेरठ के छीपी टैंक स्थित शिवसेना कार्यालय पर मुरादाबाद जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र तोमर से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हरिहर मंदिर मुक्ति आंदोलन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में आंदोलन को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों तक पहुंचाने और जनसमर्थन जुटाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। शिवसेना पदाधिकारियों के अनुसार, संगठन की मुरादाबाद जिला इकाई पिछले करीब 30 वर्षों से हरिहर मंदिर मुक्ति आंदोलन चलाती आ रही है।
सावन में जलाभिषेक के लिए कूच का दावा
प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र तोमर ने कहा कि शिवसेना की मुरादाबाद इकाई की ओर से प्रत्येक वर्ष सावन माह में हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए कूच करने का प्रयास किया जाता रहा है। उनके अनुसार, पूर्व में कई अवसरों पर प्रशासन की ओर से शिव सैनिकों को नजरबंद या गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि इस बार आंदोलन को लेकर पहले से व्यापक स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है और केंद्रीय नेतृत्व के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय नेतृत्व से भी संपर्क
मुरादाबाद जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने बताया कि आंदोलन को लेकर शिवसेना के केंद्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में शिवसेना उत्तर प्रदेश इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को सांसद अनिल देसाई से मुलाकात कर आंदोलन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के समर्थन में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में समर्थन फॉर्म भरवाने का अभियान शुरू किया गया है।
20 अगस्त को मुरादाबाद पहुंचने का कार्यक्रम
शिवसेना पदाधिकारियों के अनुसार, 20 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से शिवसैनिकों के मुरादाबाद पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए कूच करने की योजना है।
संगठन का दावा है कि इस कार्यक्रम में शिवसेना के केंद्रीय पदाधिकारी भी मुंबई से मुरादाबाद पहुंचेंगे और आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।
मेरठ में शुरू हुआ समर्थन अभियान
धर्मेंद्र तोमर ने बताया कि मेरठ में भी हरिहर मंदिर के समर्थन में समर्थन फॉर्म भरवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। संगठन का उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोगों को अभियान से जोड़ना और आंदोलन के लिए जनसमर्थन जुटाना है।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से संपर्क बढ़ाने और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जसवीर सिंह, शिवम् सिंह, सत्यम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।