गड्ढा मुक्त सड़कों को लेकर डीएम सभागार में बैठक करते मेरठ जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मेरठ ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), परिवहन विभाग, मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए), नगर निगम, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज), चिकित्सा विभाग, आपूर्ति विभाग, आबकारी विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों से जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। इसके लिए कांवड़ मार्गों पर मौजूद सभी अवैध कटों को तत्काल बंद कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी प्रमुख सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त कराने के भी निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
बैठक में विशेष रूप से कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कांवड़ मार्गों पर जलभराव की स्थिति किसी भी हाल में नहीं होनी चाहिए। नगर निगम एवं संबंधित विभागों को जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने, खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने तथा आवश्यक स्थानों पर नई लाइटें लगाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्र में आवश्यक साइन बोर्ड और सूचना बोर्ड समय से स्थापित करें, ताकि श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को मार्ग, डायवर्जन तथा आवश्यक सूचनाओं की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों से दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने, यातायात संकेतकों को दुरुस्त रखने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर लें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।