108×108 की मेगा रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ अभियान में 18 घंटे लगातार जुटे रहे विद्यार्थी कलाकार; चार स्तरों में जनकल्याणकारी योजनाओं, युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण और सेवा का दिया संदेश
मेरठ । चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) में कला और राष्ट्र सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान के विद्यार्थी कलाकारों ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में 108×108 फीट की विशाल ‘सेवा संकल्प’ मेगा रंगोली तैयार की। करीब 18 घंटे की लगातार मेहनत के बाद साकार हुई इस रंगोली में विकसित भारत, राष्ट्र निर्माण, सेवा भावना और युवा शक्ति के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को कलात्मक रूप दिया गया। विशाल आकार और आकर्षक कलाकृतियों के कारण रंगोली लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से आयोजित इस मेगा रंगोली कार्यक्रम के लिए ललित कला संस्थान की उपनिदेशक प्रो. अलका तिवारी को संयोजक नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व और दिशा-निर्देशन में संस्थान के विद्यार्थी कलाकारों ने करीब 18 घंटे तक लगातार काम किया। विद्यार्थियों ने पूरी रात रंगों और आकृतियों को आकार देते हुए इस विशाल कलाकृति को तैयार किया।
चार स्तरों में सजी रंगोली, सरकारी योजनाओं को दिया कलात्मक स्वरूप
मेगा रंगोली को चार स्तरों में विभाजित करते हुए अलग-अलग ब्लॉक तैयार किए गए। इनमें केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की झलक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत की गई। कन्या सुमंगला योजना और युवा शक्ति सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ विकसित भारत, राष्ट्र निर्माण और सेवा के भाव को प्रमुखता से स्थान दिया गया।विद्यार्थी कलाकारों ने रंगों के संयोजन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया कि युवा शक्ति और जनभागीदारी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। रंगोली के अलग-अलग हिस्सों में सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को भी कलात्मक अभिव्यक्ति दी गई।
कला समाज और देश को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम: प्रो. संगीता शुक्ला
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने विद्यार्थी कलाकारों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कला समाज और देश के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को युवाओं की रचनात्मकता के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह सुंदर प्रयास है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से सेवा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और विकास की भावना को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा बड़े मंच पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
पूरी रात रंगोली बनाते रहे विद्यार्थी, पुलिस टीम ने संभाली सुरक्षा
विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी डॉ. दुष्यंत चौहान ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर रंगोली तैयार कर रहे विद्यार्थी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इतनी विशाल रंगोली को पूरी रात मेहनत करके तैयार करना उनकी प्रतिभा, लगन और समर्पण को दर्शाता है। आयोजन के दौरान थाना मेडिकल के SHO और उनकी टीम का भी विशेष सहयोग रहा। पुलिस टीम पूरी रात आयोजन स्थल पर मौजूद रही और लगातार निगरानी करते हुए रंगोली निर्माण में जुटे छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहयोग किया। प्रो. अलका तिवारी ने थाना मेडिकल के SHO और पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी रात विद्यार्थियों के बीच पुलिस की मौजूदगी से सुरक्षा और विश्वास की भावना बनी रही। इससे विद्यार्थी बिना किसी चिंता के अपने सृजनात्मक कार्य में जुटे रहे।
कुलपति की प्रेरणा और विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से साकार हुई रंगोली
प्रो. अलका तिवारी ने कहा कि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की प्रेरणा और विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से इस विशाल मेगा रंगोली को साकार किया जा सका। विद्यार्थियों ने पूरी रात उत्साह के साथ काम करते हुए सेवा, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत की भावना को रंगों एवं आकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने आयोजन के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को चयनित किए जाने पर संस्कृति प्रभात, लखनऊ और उत्तर प्रदेश ललित कला अकादमी के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
विद्यार्थी कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी बांधा समां
रंगोली निर्माण में आकाश, जयश्री और आर्यन सहित ललित कला संस्थान के विद्यार्थी कलाकारों ने सक्रिय योगदान दिया। आयोजन में प्रेस प्रवक्ता डॉ. मितेंद्र गुप्ता, मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवीण पवार, सुश्री दीपा जली और डॉ. शालिनी धामा का विशेष सहयोग रहा। विकास अधिकारी नूपुर गोयल का भी सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। आयोजन के दौरान ललित कला संस्थान के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। करीब 18 घंटे तक चले इस सृजनात्मक अभियान में विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा के जरिए सेवा, संकल्प, राष्ट्र समर्पण और विकसित भारत का संदेश दिया। विश्वविद्यालय परिसर में तैयार 108×108 फीट की यह मेगा रंगोली कला के साथ राष्ट्र निर्माण के संदेश का भी माध्यम बनी।