गन्ना मूल वृद्धि को लेकर किसानों का लखनऊ कूच
मेरठ। गन्ना मूल्य बढ़ाने और किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के बैनर तले हजारों किसान लखनऊ के लिए रवाना हुए। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में किसान हाथों में गन्ना लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से किसान नौचंदी ट्रेन में सवार होकर लखनऊ के गन्ना भवन में होने वाली पंचायत में शामिल होने के लिए रवाना हुए। भाकियू की विज्ञप्ति में किसानों के ट्रेन पर कब्जा करने की बात कही गई है।
गन्ना उत्पादन लागत और कम पैदावार से परेशान किसान
जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि गन्ने की खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि उत्पादन कम होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि मौजूदा गन्ना मूल्य उनकी लागत के अनुरूप नहीं है। इसी मुद्दे को लखनऊ में होने वाली पंचायत में उठाकर गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग की जाएगी।
बॉन्ड ट्रांसफर की समस्या उठाने की तैयारी
भाकियू नेताओं ने गन्ना किसानों के बॉन्ड ट्रांसफर से जुड़ी समस्या पर भी चिंता जताई। अनुराग चौधरी के अनुसार, इस मुद्दे पर जिले स्तर पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसान इससे पहले जनवरी में मेरठ के गन्ना भवन पर आठ दिन तक आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन उनके मुताबिक बॉन्ड ट्रांसफर और गन्ना विकास से जुड़े विषयों पर समाधान नहीं हुआ।
यूनियन नेताओं ने कहा कि कम उत्पादन और अपेक्षाकृत कम मूल्य के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। इसी वजह से किसान इस बार अपनी मांगों को मजबूती से उठाने के इरादे से लखनऊ पहुंचे हैं।
कई पदाधिकारी और किसान रहे मौजूद
कूच के दौरान मेजर सुरेंद्र, रामफल शर्मा, सत्येंद्र सिंह, मोनू टिकरी, देशपाल, रामबोस, विनैश, बिट्टू, हरबीर, वीरपाल, तेजपाल, हर्ष चहल, अनूप यादव, सचिन, सुखपाल, रविंद्र, वीरेंद्र और राजेंद्र सहित भाकियू के पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।