लोकेश कुमार अग्रवाल (प्रांतीय अध्यक्ष उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल उत्तर प्रदेश)
मेरठ, 18 अक्टूबर। व्यापारियों के खिलाफ चल रही सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी 21 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे। यह ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा। संगठन ने व्यापारियों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
इस संबंध में रविवार शाम पांच बजे उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के मेरठ जिला और महानगर के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक मवाना रोड स्थित व्यापार मंडल कार्यालय, जी-8, मिनाक्षीपुरम में हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री इसरार सिद्दीकी ने किया।
मुख्यमंत्री से कानून बनाकर नियमितीकरण की मांग
बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि 21 अक्टूबर को जिलाधिकारी मेरठ के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। इसमें व्यापारियों के खिलाफ चल रही सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने तथा व्यापारियों के आवासों और बाजारों को नियमित करने के लिए कानून बनाने की मांग की जाएगी।
लोकेश अग्रवाल ने पदाधिकारियों से अपने-अपने बाजारों में जनसंपर्क कर ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी 21 अक्टूबर को न्यू मोहनपुरी स्थित व्यापार मंडल कार्यालय, 234, मेरठ में एकत्र होंगे और अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे।
पिछले ज्ञापन कार्यक्रमों के लिए व्यापारियों को दी बधाई
बैठक में जिला अध्यक्ष राजकुमार त्यागी ने 7 अक्टूबर को यूपीआई पर लगाए गए कर के विरोध और 14 अक्टूबर को फूड एक्ट की विसंगतियों के विरोध में दिए गए ज्ञापनों को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों और व्यापारियों को बधाई दी। ये ज्ञापन पिछली बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार दिए गए थे।
बैठक में संगठन के जिला और महानगर के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।