दानवीर भामाशाह की जयंती पर प्रमुख करदाताओं को पुरस्कार से सम्मानित करते आयोजक
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित अटल सभागार में सोमवार को दानवीर भामाशाह जी की जयंती के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस का भव्य आयोजन राज्य कर विभाग एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों, उद्यमियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ताओं तथा पत्रकारों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेरठ शहर विधायक अमित अग्रवाल, विधायक गुलाम मोहम्मद, प्रदेश संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ विनीत शारदा तथा मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल उपस्थित रहीं। राज्य कर विभाग की ओर से अपर आयुक्त ग्रेड-1 हरीराम, अपर आयुक्त ग्रेड-2 (विधि एवं अनुश्रवण) सुशील कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने दानवीर भामाशाह के राष्ट्रप्रेम, त्याग, समर्पण, सेवा एवं अपरिग्रह की भावना को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भामाशाह ने अपने त्याग और योगदान से राष्ट्र निर्माण में जो उदाहरण प्रस्तुत किया, वह आज भी समाज और व्यापारिक जगत के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त अम्बुज सिंह ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं कर संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों से कर नियमों के पालन तथा डिजिटल एवं पारदर्शी कर व्यवस्था को अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर राज्य के राजस्व में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 प्रमुख करदाताओं को ‘भामाशाह पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मैनकाइन्ड फार्मा लिमिटेड, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, राठी बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड, कैलिबर स्पेशियलिटी इलास्टोमर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, आर.के. इंजीनियर्स, एम.वी. इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, राजकुमार कॉन्ट्रैक्टर, पंडित जी चायवाले, पंवार ब्रिक फील्ड तथा प्रमोद कुमार शामिल रहे।
मुख्य अतिथियों ने सम्मानित व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि ईमानदारी से कर भुगतान करने वाले व्यापारी देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने व्यापारिक समुदाय से कर व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे। इनमें विनेश जैन, मौ. अकरम गाजी, विष्णुदत्त पाशार, राजीव कुमार गुप्ता, रजनीश कौशल, घनश्याम मित्तल, अंकित सिंघल, गौरव जैन सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यापारी, अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं पत्रकार शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन व्यापारियों के सम्मान, कर जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में व्यापारिक समुदाय की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।