लंपी बीमारी से ग्रस्त गोवंशों का इलाज करते पशु चिकित्सा
हापुड़। ग्राम शेखपुर में निराश्रित गोवंशों में लंपी स्किन डिजीज फैलने की सूचना मिलने के बाद पशुपालन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आजाद अधिकार सेना, हापुड़ के जिलाध्यक्ष सचिन रावल द्वारा इस संबंध में प्रकरण उठाए जाने पर मामले का संज्ञान लिया गया और नूरपुर पशु चिकित्सालय केंद्र की टीम को तत्काल गांव पहुंचने के निर्देश दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से ग्राम शेखपुर में गोवंशों का टीकाकरण और बीमार पशुओं का उपचार शुरू कर दिया गया। बीमार गोवंशों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की व्यवस्था भी की गई है। विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर पशुओं को जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में जुटी है।
इस कार्रवाई के साथ पशुपालन विभाग ने जनपद की गौशालाओं का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां लापरवाही सामने आई, वहां संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विभाग की ओर से गौशालाओं में गोवंशों की देखभाल और उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर ध्यान देने को कहा गया है।
आजाद अधिकार सेना के हापुड़ जिलाध्यक्ष सचिन रावल ने ग्राम शेखपुर में गोवंशों में लंपी संक्रमण की आशंका का मामला उठाया था। प्रकरण पर विभागीय कार्रवाई शुरू होने के बाद गांव में टीकाकरण और उपचार कार्य जारी है।